शिमला : हिमाचल प्रदेश में मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. पूर्वानुमान के अनुसार, आज कई जिलों में भारी बारिश होने की संभावना है. इसके बाद 13 से 15 जुलाई के बीच भी हिमाचल में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है, जिसे देखते हुए सतर्क रहने की आवश्यकता है. हिमाचल प्रदेश मौसम विभाग के अनुसार, आज मंडी, शिमला, सिरमौर और बिलासपुर में एक या दो जगह बारिश हो सकती है. वहीं, 13 जुलाई को कुल्लू, मंडी और सिरमौर में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है, जबकि बाकी जिलों में कोई अलर्ट नहीं है. हिमाचल प्रदेश के अधिकांश स्थानों पर आज सुबह से बादल छाए रहे और कई स्थानों पर बारिश दर्ज की गई है. इस कारण ऊंचाई वाले क्षेत्रों में तापमान में गिरावट भी दर्ज की गई है. कल राज्य में सबसे कम न्यूनतम तापमान नारकंडा में 12.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे अधिक अधिकतम तापमान ऊना में 33 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. फलों के बगीचों में तेज़ हवाओं से बचाव के लिए किसान जाल का उपयोग करें. – जहां मौसम खराब हो, वहां आम जनता और पर्यटक बाहरी गतिविधियों को सीमित करें और सुरक्षित स्थान पर रहें।
– घर के अंदर रहें और नदी-नालों के किनारे बिल्कुल न जाएं.
– राज्य सरकार द्वारा जारी की गई सभी गाइडलाइनों का पालन करें और मौसम पूर्वानुमान देखकर ही यात्रा की योजना बनाएं.
– जिस सड़क पर आप यात्रा करने वाले हों वहां स्थानीय प्रशासन या पुलिस से रोड कंडीशंस की जानकारी लें और फिर सुरक्षित तरीके से यात्रा करें।





