पेंट की जिप खोली और..आरोपी कंडक्टर गिरफ्तार, पुलिस ने त्वरित की कार्यवाही, पीड़िता ने सोशल मीडिया पर न्याय की गुहार लगाई
धर्मशाला : हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा बस स्टैंड पर बीती रात एक शर्मनाक घटना सामने आई है. इस दौरान शिमला से पालमपुर की ओर यात्रा कर रही एक युवती के साथ एक व्यक्ति ने सार्वजनिक स्थान पर अश्लील हरकतें कीं. पीड़िता ने सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी आपबीती साझा करते हुए प्रशासन और समाज दोनों से न्याय की गुहार लगाई है. हालांकि, पुलिस ने आरोपी कंडक्टर को गिरफ्तार कर लिया है. बताया जा रहा है कि आरोपी प्राइवेट बस में कंडक्टर है और कांगड़ा के ही लंज इलाके का रहने वाला है. हालांकि, पुलिस ने आरोपी की पहचान नहीं बताई है. महिला ने सोशल मीडिया पर लिखा कि “रात के 11:00 बजे मैं कांगड़ा बस स्टैंड पर पालमपुर जाने वाली बस का इंतजार कर रही थी. तभी एक व्यक्ति मेरे सामने आया और अश्लील इशारे करने लगा. पहले तो मैंने नज़रअंदाज किया, सोचा शायद मेरा भ्रम हो. लेकिन कुछ देर बाद उसने और भी शर्मनाक हरकत करते हुए अपनी पैंट की ज़िप खोल दी और फिर इशारे किए.”
जब शिमला की रहने वाली इस युवती ने विरोध किया और जोर से आवाज़ उठाई, तो आरोपी ने खुद को बचाने के लिए फोन पर बात करने का नाटक किया और मासूम बनने की कोशिश की. लेकिन वह शराब के नशे में धुत था.पीड़िता ने आगे बताया कित “जब मैंने आवाज़ उठाई तो उसके बुलाए कुछ गुंडे वहां आ गए और मेरे साथ खड़े भाई पर हमला कर दिया. इसी अफरातफरी में वो शख्स भाग निकला. हमने कांगड़ा पुलिस से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन रात के 11:40 तक कोई मदद नहीं पहुंच पाई थी। कांगड़ा की एसपी शालिनी अग्निहोत्री ने मीडिया को जारी प्रेस रिलीज में बताया कि कांगड़ा बस स्टैंड पर एक महिला के साथ हुई छेड़छाड़ की घटना को लेकर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है. 11 जुलाई की रात को 112 हेल्पलाइन पर इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और पीड़िता को बस स्टैंड पर पाया. पीड़िता ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को पूरी घटना की जानकारी दी. पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत कानूनी कार्रवाई शुरू की और उसी रात एफआईआर दर्ज की गई. साथ ही पुलिस ने जानकारी दी कि आरोपी को अगले दिन सुबह गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस की ओर से जारी प्रेस नोट में यह भी बताया गया कि SHO कांगड़ा और उनकी टीम ने पीड़िता और उसके परिजनों को रहने और खाने की व्यवस्था भी करवाई. एसपी ने दोहराया कि वह जन सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है और हर जरूरतमंद नागरिक को सहायता देने के लिए हमेशा तैयार रहती है।





