Home » ताजा खबरें » सिरमौर में शिक्षक पर छह छात्राओं ने लगाए छेड़छाड़ के आरोप, केस हुआ दर्ज…

सिरमौर में शिक्षक पर छह छात्राओं ने लगाए छेड़छाड़ के आरोप, केस हुआ दर्ज…

लाइव हिमाचल/नाहन : जिला सिरमौर में पोक्सो एक्ट के तहत एक और गंभीर मामला सामने आया है। तहसील पच्छाद के तहत सरसु (नारग) क्षेत्र के एक सरकारी स्कूल में पढ़ने वाली 6 नाबालिग छात्राओं ने स्कूल के हिंदी अध्यापक धर्मेंद्र पर छेड़छाड़ और अनुचित व्यवहार के आरोप लगाए हैं। छात्राओं ने आज इस संबंध में सराहां पुलिस थाना पहुंच कर शिकायत दर्ज करवाई। छात्राओं का आरोप है कि शिक्षक धर्मेंद्र पिछले कुछ समय से लगातार आपत्तिजनक हरकतें कर रहा था। हिम्मत जुटाकर उन्होंने आज इसकी जानकारी स्कूल प्रबंधन और फिर पुलिस को दी। शिकायत मिलते ही सराहां पुलिस की टीम तुरंत स्कूल पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी शिक्षक धर्मेंद्र मौके से फरार हो चुका था। पुलिस द्वारा जब उसका मोबाइल नंबर ट्रेस करने का प्रयास किया गया, तो वह भी स्विच ऑफ पाया गया। पुलिस ने पोक्सो एक्ट और संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है तथा आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई है। स्कूल प्रबंधन से भी पूछताछ की जा रही है और सभी छात्राओं के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। गौरतलब है कि इससे कुछ ही दिन पहले राजगढ़ क्षेत्र के एक स्कूल में गणित शिक्षक पर भी इसी तरह की शिकायतें सामने आई थीं, जिसके बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेजा गया था। दो शिक्षकों पर ऐसे गंभीर आरोपों के सामने आने से शिक्षा विभाग और स्थानीय अभिभावकों में भारी आक्रोश है। एसपी सिरमौर निशचित सिंह नेगी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी की तलाश के लिए पुलिस की टीमें गठित कर दी गई हैं। उन्होंने कहा कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि शिकायत मिलते ही हमारी टीम मौके पर पहुंची थी, लेकिन आरोपी फरार हो चुका था। मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। आरोपी की लोकेशन ट्रेस करने का प्रयास किया जा रहा है। लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों ने स्कूलों में छात्राओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अभिभावकों ने शिक्षा विभाग से सख्त कदम उठाने और ऐसे मामलों में जल्द कार्रवाई की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Gallery not found12
[democracy id="1"]
[adsforwp id="47"]