Home » Uncategorized » शिकारी देवी माता के दर्शन कर लौट रहे परिवार की गाड़ी पलटी, छह घायल…

शिकारी देवी माता के दर्शन कर लौट रहे परिवार की गाड़ी पलटी, छह घायल…

लाइव हिमाचल/मंडी: शिकारी देवी माता के दर्शन कर लौट रहे एक परिवार की गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसा सराज विस क्षेत्र के भुलाह के समीप रविवार दोपहरबाद 2:15 बजे के करीब हुआ। कार में सवार 10 वर्षीय बच्ची कीर्ति और 51 वर्षीय महिला बबीता सहित छह लोग जख्मी हुए हैं। हादसे में कार चालक नरेंद्र कुमार को भी चोटें आई हैं। कीर्ति और बबीता की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें आगे के इलाज के लिए रेफर किया गया है। पुलिस के अनुसार पंडोह गांव का एक परिवार माता शिकारी देवी के दर्शन के लिए गया था। दर्शन के बाद लौटते समय उनकी कार भुलाह के पास अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। बताया जा रहा है कि सड़क पर लावारिस पशु आने और उतराई के चलते चालक ब्रेक नहीं लगा पाया। इससे कार पलट गई। गनीमत रही कि पलटने के बाद कार पेड़ से अटक गई, नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था। हादसे में कीर्ति, बबीता और चालक नरेंद्र कुमार सहित छह लोग घायल हो गए। उन्हें स्थानीय लोगों ने वाहन से निकालकर एंबुलेंस में नागरिक अस्पताल जंजैहली पहुंचाया। कीर्ति और बबीता की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें रेफर कर दिया गया है। अन्य घायलों का इलाज जारी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे की जांच शुरू कर दी है। मामले की पुष्टि जंजैहली थाना प्रभारी रामकृष्ण ने की है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से क्षेत्र में सड़क सुरक्षा के उपायों को मजबूत करने की मांग की है। जिला मुख्यालय से सटे ब्रिंद्रावणी में फोरलेन पर रविवार को एक गाड़ी का टायर फट गया। चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत गाड़ी को नियंत्रित किया। हादसे में गाड़ी को काफी नुकसान पहुंचा है। बताया जा रहा है कि मंडी का ही एक परिवार पंडोह की तरफ से आ रहा था। इस दौरान हादसा हो गया। हादसे के समय चालक का परिवार कार में सवार था। उन्हें हल्की चोटें आई हैं। बताया जा रहा है कि गाड़ी का टायर काफी पुराना था। बाद में खुद चालक ने परिवार को दूसरी गाड़ी में घर भिजवाया। पंडोह थाना प्रभारी अनिल कटोच ने बताया कि पुलिस के आने तक उक्त लोग चले गए थे। कोई मामला दर्ज नहीं हुआ है।

Leave a Comment