लाइव हिमाचल/कसौली : पुलिस चौकी कुठाड़ थाना कसौली के तहत ग्राम पंचायत बढलग के गांव कायल मंझली में एक टिप्पर चालक की छत से गिरने से मौत हो गई। यह घटना रविवार रात्रि की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक भाट की हट्टी रामपुर कुठाड़ सड़क का चौड़ीकरण कार्य चल रहा है। मृत व्यक्ति नरेंद्र सिंह (43) पुत्र रणजीत सिंह गांव कोठा कणोंन, डाकघर गोयला पन्नर, तहसील नालागढ़ का रहने वाला था, तथा ठेकेदार के पास बतौर टीपर चालक के रूप में पिछले लगभग एक वर्ष से कार्य कर रहा था। मृतक उक्त गांव के कर्ण वर्मा के मकान में अपने साथियों के साथ किराए पर रह रहा था। रविवार की रात को वह उक्त दो मंजिले भवन की छत पर सोया हुआ था, कि रात को अचानक वर्षा व तेज हवा के चलते जैसे ही वह उठा, अचानक छत से नीचे सड़क पर गिर गया,जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सुबह लगभग छह बजे जब उसके साथियों व अन्य गांव वालों ने उसे अचेत अवस्था में देखा तो उन्होंने पंचायत के प्रधान सतीश कुमार को सुचित किया और प्रधान ने इसकी जानकारी कुठाड़ पुलिस को दूरभाष के माध्यम से दी। हादसे की सूचना मिलते ही कुठाड़,कसौली व परवाणु से डीएसपी ने मौके का मुआयना कर छानबीन की व स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की। डीएसपी परवाणु मेहर पंवार ने हादसे की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सोलन भेज दिया है। पुलिस हादसे के कारणों की छानबीन कर रही है। उधर उप तहसील कृष्णगढ़ के नायब तहसीलदार सूरत सिंह ने बताया कि स्थानीय प्रशासन की ओर से पटवारी व कानून गो को मौके पर भेजा गया है। प्रशासन की ओर से मृतक के भाई राजेंद्र सिंह को बीस हजार रुपए की फौरी राहत राशि पंचायत प्रधान की मौजूदगी में जारी कर दी गई है।





