Pakistani Missiles Found in Hoshiarpur : भारत पाकिस्तान के बीच जारी सैन्य कार्रवाई के दौरान भारतीय शहरों को निशाना बनाने के पाकिस्तान के असफल प्रयासों के सबूत पंजाब के कई गांवों में बिखरे पड़े हैं। भारत ने इस्लामाबाद की मिसाइलों और ड्रोन को सफलतापूर्वक मार गिराया है। राज्य के ज़िला होशियारपुर के कमाही देवी के पहाड़ी इलाके के गांव वेहफता में एक चीनी मिसाइल पी एल 15 का मलबा मिला है। जिसके बारे में माना जा रहा है कि यह मलबा पाकिस्तानी मिसाइलों का है, जिन्हें भारत की वायु रक्षा प्रणालियों ने रोक दिया था। बठिंडा में बीड़ तालाब के पास मिसाइल का मलबा मिला है और उसके हिस्सों को निष्क्रिय किया जा रहा है। गुरुद्वारा साहिब में घोषणा की गई है कि सभी लोग घरों के अंदर ही रहें। गुरुवार को अमृतसर में मिसाइल का मलबा मिला, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। स्थानीय लोगों ने धमाके सुने, जब भारत के एयर डिफेंस सिस्टम ने पाकिस्तानी मिसाइलों और ड्रोन को मार गिराया। पाकिस्तान लगातार अपनी हरकतें जारी रखे हुए है। रक्षा मंत्रालय ने एक आधिकारिक बयान में कहा कि भारत में कई स्थानों को निशाना बनाने के लिए पाकिस्तान द्वारा इस्तेमाल किए गए ड्रोन और मिसाइलों को एकीकृत काउंटर यूएएस ग्रिड और वायु रक्षा प्रणालियों द्वारा निष्प्रभावी कर दिया गया। बयान में कहा गया, “इन हमलों के मलबे को अब कई स्थानों से बरामद किया जा रहा है, जो पाकिस्तानी हमलों की पुष्टि करते हैं। पंजाब, राजस्थान, जम्मू और कश्मीर में सीमावर्ती क्षेत्र हाई अलर्ट पर हैं, क्योंकि भारतीय सशस्त्र बलों द्वारा पाकिस्तान और पाक अधिकृत कश्मीर में नौ स्थानों पर आतंकवादी शिविरों पर हमला करने के बाद पाकिस्तान ने ऑपरेशन सिंदूर के तहत जवाबी कार्रवाई की धमकी दी है। गुरुवार को पाकिस्तान ने जम्मू-कश्मीर, राजस्थान और पंजाब के सीमावर्ती शहरों की ओर ड्रोन और मिसाइलें दागीं। भारतीय सेना ने एक बयान में कहा कि इन सभी ड्रोनों को मार गिराया गया और किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।




