Home » ताजा खबरें » हिमाचल प्रदेश में अलर्ट पर सुरक्षा एजेंसियां, सीएम सुक्खू ने बुलाई आपात बैठक, ऊना के स्कूलों में अवकाश घोषित…

हिमाचल प्रदेश में अलर्ट पर सुरक्षा एजेंसियां, सीएम सुक्खू ने बुलाई आपात बैठक, ऊना के स्कूलों में अवकाश घोषित…

लाइव हिमाचल/शिमला: मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू देर रात तक अधिकारियों से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पल-पल की अपडेट लेते रहे। हमले की आशंका के चलते हिमाचल पुलिस मुख्यालय ने प्रदेश की चारों रेंज को सतर्क रहने के निर्देश जारी कर दिए हैं। देश के 15 शहरों पर पाकिस्तान की ओर से हमले की कोशिश के बाद हिमाचल प्रदेश में सुरक्षा-व्यवस्था बढ़ा दी गई है। प्रदेश में सभी सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं। विशेषकर प्रदेश के पर्यटन स्थलों, शक्तिपीठों, जल विद्युत परियोजनाओं और सीमावर्ती क्षेत्रों को अलर्ट पर रखा गया है। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू देर रात तक अधिकारियों से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पल-पल की अपडेट लेते रहे। मुख्यमंत्री ने उपायुक्त कांगड़ा से फोन पर बात की और उन्हें पंजाब से लगते संवेदनशील क्षेत्रों में सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। पंजाब और जम्मू से सटे सीमावर्ती क्षेत्रों में एहतियातन ब्लैक आउट करने की सूचना भी है। प्रदेश में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने आज आपात बैठक भी बुलाई है। इसमें मुख्य सचिव, अतिरिक्त मुख्य सचिव गृह, पुलिस महानिदेशक समेत सभी उच्च अधिकारियों के साथ सुरक्षा को लेकर उठाए जाने वाले उपायों को लेकर मंथन किया जाएगा।

देर रात पंजाब से सटे जिला ऊना और बिलासपुर के उपायुक्त ने ब्लैक आउट को लेकर एडवाइजरी जारी की है। इसमें लोगों से पूर्ण ब्लैक आउट सुनिश्चित करने और नागरिकों से अपील की है कि वे घर के अंदर ही सुरक्षित रहें और बाहरी और घर के भीतर की लाइटों को पूरी तरह से बंद रखें। जिला ऊना में शुक्रवार को सुरक्षा कारणों से अवकाश घोषित कर दिया गया है। पंजाब के पठानकोट, अमृतसर, जालंधर और चंडीगढ़ जैसे बड़े शहर हिमाचल से सटे हैं, जबकि जम्मू की भी हिमाचल के साथ सीमा लगती है। वहीं, शिमला, गगल (धर्मशाला) एयरपोर्ट को फिलहाल बंद कर दिया गया है। इन एयरपोर्ट का इस्तेमाल केवल आपात स्थिति में सेना ही कर सकती है। हमले की आशंका के चलते हिमाचल पुलिस मुख्यालय ने प्रदेश की चारों रेंज को सतर्क रहने के निर्देश जारी कर दिए हैं। शिमला रेंज, सेंट्रल रेंज, साउथ रेंज और नॉर्थ रेंज के डीआईजी को पुलिस मुख्यालय से निरंतर संपर्क में रहने और हर अपडेट की सूचना देने के लिए कहा है। प्रदेश के पर्यटन स्थलों विशेषकर कुल्लू-मनाली, धर्मशाला-मैक्लोडगंज, चंबा-खजियार और शिमला में सुरक्षा बढ़ाने के निर्देश जारी किए गए हैं। सरकार और प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति की सूचना तुरंत दें। बताया जा रहा है कि प्रदेश में आने वाले संदिग्धों को लेकर कड़ी नजर रखी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[adsforwp id="47"]