Home » ताजा खबरें » हिमाचल कांग्रेस को मई में मिल सकता है नया प्रदेश अध्यक्ष…

हिमाचल कांग्रेस को मई में मिल सकता है नया प्रदेश अध्यक्ष…

लाइव हिमाचल/शिमला: हिमाचल प्रदेश कांग्रेस को मई में नया प्रदेश अध्यक्ष मिल सकता है। वर्तमान अध्यक्ष प्रतिभा सिंह का छह मई को तीन साल का कार्यकाल समाप्त हो रहा है। नवंबर 2024 से प्रदेश कांग्रेस सहित जिला और ब्लॉक कार्यकारिणी भंग है। 27 अप्रैल 2022 को प्रतिभा सिंह को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बनाने की घोषणा हुई थी। छह मई 2022 को प्रतिभा सिंह ने प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन शिमला में आधिकारिक तौर पर पदभार ग्रहण किया था। ऐसे में संभावित है कि नई कार्यकारिणी के गठन के साथ ही नये प्रदेश अध्यक्ष के नाम का एलान भी हो जाएगा। पार्टी सूत्रों के अनुसार प्रदेश में नई कार्यकारिणी के गठन में हो रही देरी प्रदेश अध्यक्ष के नाम पर आम सहमति बनाने को लेकर हो रही माथापच्ची एक बड़ा कारण है। पार्टी हाईकमान का मानना है कि नये अध्यक्ष के हिसाब से ही कार्यकारिणी का गठन किया जाए। वीरवार को पार्टी की प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल शिमला आ रही हैं। 25 अप्रैल को रजनी पाटिल पार्टी नेताओं के साथ बैठक कर 26 अप्रैल को होने वाली राज्य स्तरीय संविधान बचाओ रैली की तैयारियों की समीक्षा करेंगी। पाटिल के इस दौरे के दौरान प्रदेश अध्यक्ष सहित नई कार्यकारिणी के गठन को लेकर भी संकेत मिलने के आसार हैं। पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और ठियोग से विधायक कुलदीप सिंह राठौर को दोबारा हिमाचल में संगठन की कमान सौंपे जाने की राजनीतिक गलियारों में खूब चर्चा चल रही है। अगर राठौर अध्यक्ष नहीं बनते हैं तो किसी मंत्री को हटाकर अध्यक्ष बनाया जा सकता है।पंचायतीराज मंत्री अनिरुद्ध सिंह को भी अध्यक्ष बनाने के कयास हैं। उधर, प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह कई बार बोल चुकी हैं कि जब उन्हें अध्यक्ष की जिम्मेवारी सौंपी गई तो कार्यकारिणी पूर्व अध्यक्ष के समय की ही थी। उन्होंने कार्यकारिणी का नये सिरे से गठन नहीं किया गया। ऐसे में उन्हें कार्यकारिणी गठन का अधिकार मिलना चाहिए। हाईकमान अगर प्रतिभा सिंह के इस तर्क से सहमत होता है तो उनका कार्यकाल बढ़ाया भी जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[adsforwp id="47"]