Home » ताजा खबरें » पहलगाम आतंकी हमले के विरोध में शिमला में बाजार बंद…

पहलगाम आतंकी हमले के विरोध में शिमला में बाजार बंद…

लाइव हिमाचल/शिमला: कश्मीर के पहलगाम में पर्यटकों पर हुए आतंकी हमले के विरोध में हिमाचल में उबाल है। आज हिमाचल में बाजार बंद रखने का फैसला लिया गया है। राजधानी शिमला में भी बंद का असर दिखा। मालरोड व मिडल बाजार में दुकानें बंद रहीं। प्रदेशभर में जहां सुबह से लेकर 11:00 बजे तक व्यापारिक प्रतिष्ठानों को बंद रखने का निर्णय लिया गया है, वहीं राजधानी शिमला के कारोबारियों ने दोपहर बाद 1:00 बजे तक बाजार बंद रखने का फैसला लिया है। हिमाचल प्रदेश व्यापार मंडल के राज्य अध्यक्ष सुमेश शर्मा, महामंत्री राकेश कैलाश और समस्त कार्यकारिणी ने आतंकी हमले की निंदा की है। हिमाचल प्रदेश के सभी बाजार आज पूरी तरह बंद है। इस दौरान व्यापारी और आम लोग तिरंगा लेकर सड़कों पर उतर आए हैं। शिमला के रामपुर के अलावा हमीरपुर समेत कई जगहों पर रोष प्रदर्शन हो रहा है। हिमाचल प्रदेश व्यापार मंडल के अध्यक्ष सुमेश शर्मा ने बताया कि प्रदेश के सभी व्यापारी 11 बजे तक दुकानें बंद रखेंगे। शिमला व्यापार मंडल ने दोपहर 1 बजे तक बाजार बंद का निर्णय लिया है। शिमला में मॉल रोड, लक्कड़ बाजार, लोअर बाजार के साथ साथ शहर के सभी उप नगरों में भी सभी दुकानें एक बजे खुलेगी। शिमला व्यापार मंडल ने इस बंद का आह्वान करते हुए कहा कि आतंकियों द्वारा किया गया यह हमला बेहद निंदनीय है। व्यापार मंडल अध्यक्ष संजीव ठाकुर और उपाध्यक्ष राजकुमार अग्रवाल ने संयुक्त बयान में कहा कि जम्मू-कश्मीर में शांति बहाली की दिशा में हो रही प्रगति को बाधित करने के लिए यह हमला किया गया है, जिसका मुंहतोड़ जवाब मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि शिमला के व्यापारी इस हमले से व्यथित हैं और दोपहर एक बजे तक बाजार बंद रखकर अपना विरोध दर्ज करवा रहे हैं। इसके बाद बाजार सामान्य रूप से खुल जाएंगे। व्यापार मंडल ने आमजन से अपील की है कि वे अपनी आवश्यक खरीदारी दोपहर बाद करें ताकि किसी को असुविधा न हो। इस बंद को लेकर शिमला के व्यापारियों में एकजुटता दिखाई दी और अधिकतर व्यापारिक प्रतिष्ठान स्वेच्छा से बंद रखे गए। इसी बीच मालरोड बिजनेसमैन एसोसिएशन ने भी पहलगाम हमले की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि आतंकी इस प्रकार की घटनाओं से देश को डराना चाहते हैं, लेकिन भारत की जनता और व्यापारी वर्ग आतंकवाद के खिलाफ एकजुट हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[adsforwp id="47"]