Home » ताजा खबरें » हमीरपुर में 50 हजार की ठगी के बाद बुजुर्ग की मौत, पुलिस स्टेशन पहुंचने से पहले थमीं सांसें

हमीरपुर में 50 हजार की ठगी के बाद बुजुर्ग की मौत, पुलिस स्टेशन पहुंचने से पहले थमीं सांसें

लाइव हिमाचल/हमीरपुर : उपमंडल बड़सर के मुख्यालय में स्थित पंजाब नेशनल बैंक (PNB) की मैहरे शाखा में एक बुजुर्ग व्यक्ति के साथ धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। इस घटना में दो युवकों ने चालाकी से बुजुर्ग का एटीएम कार्ड बदलकर उनके खाते से 50 हजार रुपये निकाल लिए। इस घटना के कुछ ही देर बाद पीड़ित बुजुर्ग की अचानक मौत हो गई। प्रारंभिक जांच में हार्ट अटैक को मौत का कारण बताया जा रहा है। मृतक बुजुर्ग अशोक कुमार, निवासी समोह, दोपहर के समय अपने डेबिट कार्ड से पैसे निकालने के लिए पीएनबी बैंक के एटीएम पहुंचे थे। कई बार प्रयास करने के बाद भी जब पैसे नहीं निकले तो उन्होंने एटीएम के बाहर खड़े दो युवकों से मदद मांगी। युवकों ने पहले अपना एटीएम कार्ड स्वाइप कर नकली प्रयास किया और फिर अशोक कुमार का एटीएम कार्ड लेकर उसे स्वाइप किया। उन्होंने बुजुर्ग को यह कहकर भ्रमित किया कि कार्ड से पैसे नहीं निकल सकते, और चुपचाप कार्ड बदल लिया। बुजुर्ग के वहां से जाने के बाद, ठगों ने किसी अन्य एटीएम से उनके खाते से 50 हजार रुपये निकाल लिए। जब अशोक कुमार के मोबाइल पर पैसे निकाले जाने का मैसेज आया तो वे तुरंत मैहरे स्थित पीएनबी बैंक शाखा पहुंचे और बैंक अधिकारियों को मामले की जानकारी दी। बैंक में शिकायत दर्ज कराने के बाद वे पुलिस स्टेशन जाने के लिए निकले, लेकिन रास्ते में अचानक उनकी सांसें रुक गईं। राहगीरों ने तत्काल उन्हें बड़सर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्राथमिक जांच में उनकी मृत्यु का कारण हार्ट अटैक बताया गया है। मौत की सूचना मिलने के बाद परिजनों ने ठगी की घटना और उसके बाद हुई मृत्यु के संदर्भ में पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश में जुट गई है। बैंक और एटीएम के सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है ताकि दोषियों की पहचान की जा सके। इस घटना ने क्षेत्र में गहरी चिंता पैदा कर दी है और लोगों को अपने बैंकिंग लेनदेन में सतर्कता बरतने की सलाह दी जा रही है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने एटीएम कार्ड का उपयोग स्वयं करें और अजनबियों से सहायता लेने से बचें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *