लाइव हिमाचल/कुल्लू : हिमाचल प्रदेश में रविवार को जहां मौसम साफ रहा. वहीं अब सोमवार से फिर से प्रदेश में मौसम बिगड़ने को लेकर अलर्ट जारी किया गया है. पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से प्रदेश में 10 मार्च से फिर मौसम बदलेगा. ऐसे में 10 से 14 मार्च तक कई स्थानों में बारिश और बर्फबारी का भी पूर्वानुमान है. 10 मार्च को चंबा, कांगड़ा और लाहाैल-स्पीति में भारी बारिश-बर्फबारी का यलो अलर्ट जारी किया गया है. ऐसे में फिर इन इलाकों में बारिश और बर्फबारी देखने को मिल सकती है. वहीं दूसरी तरफ राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने कुल्लू, चंबा, किन्नौर और लाहौल-स्पीति जिलों में हिमखंड गिरने की चेतावनी जारी की है. पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते प्रदेश के कई भागों में लगातार अब पांच दिनों तक बारिश-बर्फबारी का पूर्वानुमान है. मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार रविवार को लाहौल-स्पीति, किन्नौर और चंबा, कांगड़ा और कुल्लू जिलों के ऊंचे इलाकों में अलग-अलग स्थानों पर हल्की बारिश-बर्फबारी की संभावना है। प्रदेश के तापमान की बात की जाए तो धूप खिली होने के कारण दोपहर में अधिक गर्मी दर्ज की गई. ऐसे में शिमला का तापमान 20.0 रहा, सुंदरनगर में 26.4, भुंतर में 27.0, कल्पा में 15.8, धर्मशाला में 19.0, ऊना 28.0, नाहन में 25.4, केलांग में 3.0, सोलन में 25.5, कांगड़ा में 27.3, मनाली में 19.4, मंडी में 26.5, बिलासपुर में 27.5 रहा,चंबा में 23.7. ऐसे में प्रदेश में सबसे अधिक तापमान ऊना में 28.0 में दर्ज किया गया।





