Home » ताजा खबरें » सर्दियों में ही सूखे जैसे हालात लगे पनपने, 4 जिलों में शीतलहर का अलर्ट…

सर्दियों में ही सूखे जैसे हालात लगे पनपने, 4 जिलों में शीतलहर का अलर्ट…

Himachal Pradesh Weather Update: हिमाचल प्रदेश में सर्दियों के दौरान ही सूखे जैसे हालात बनने लगे हैं. जनवरी में अब तक औसत से 78 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई है, जिससे किसानों और बागवानों की टेंशन बढ़ गई हैं। बर्फबारी न होने के कारण पर्यटन उद्योग भी प्रभावित हो रहा है. इस स्थिति से पर्यटन से जुड़े कारोबारी निराश हैं और अच्छी बर्फबारी की उम्मीद कर रहे हैं. मौसम विभाग के अनुसार, हिमाचल प्रदेश में 1 से 26 जनवरी के बीच सामान्य रूप से 66.4 मिलीमीटर बारिश होनी चाहिए थी, लेकिन इस साल अब तक केवल 14.7 मिलीमीटर ही वर्षा दर्ज की गई है. इससे पहले, मानसून सीजन में भी सामान्य से 19 प्रतिशत कम बारिश हुई थी. मानसून के बाद, यानी पोस्ट मानसून सीजन में, अक्टूबर और नवंबर में सामान्य से 98 प्रतिशत कम वर्षा हुई थी. दिसंबर के दूसरे और तीसरे सप्ताह में जरूर अच्छी बारिश और बर्फबारी देखने को मिली थी, लेकिन दिसंबर के अंतिम सप्ताह के बाद से वर्षा पूरी तरह से थम गई है. मौसम विभाग ने कई बार अच्छी बारिश और बर्फबारी की चेतावनी जारी की, लेकिन हर बार पश्चिमी विक्षोभ बिना बरसे ही कमजोर पड़ता गया, जिससे प्रदेश में सूखे जैसे हालात बनने लगे हैं.

4 जिलों में शीतलहर का अलर्ट
मौसम विभाग ने आज ऊना, हमीरपुर, बिलासपुर और मंडी जिलों के लिए शीतलहर का येलो अलर्ट जारी किया है. इन जिलों में रात और सुबह के समय ठंडी हवाएं चलने से कड़ाके की सर्दी पड़ेगी. शीतलहर के प्रभाव से प्रदेश के मैदानी क्षेत्रों में पिछले तीन दिनों से रातें ठंडी हो रही हैं, जबकि शिमला में रात के तापमान में लगातार वृद्धि हो रही है. मौसम विभाग के अनुसार, कल रात से पश्चिमी विक्षोभ दोबारा सक्रिय होने जा रहा है, जिससे अगले चार दिनों तक पहाड़ी क्षेत्रों में फिर से बारिश और बर्फबारी की संभावना है. 28 से 30 जनवरी के बीच अधिक ऊंचाई और मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में वर्षा होगी, जबकि 31 जनवरी को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम खराब रहने का अनुमान है.

तापमान में भारी उछाल, केलांग का पारा नॉर्मल से 11.8 डिग्री अधिक
बारिश और बर्फबारी से पहले प्रदेश में तापमान में भारी वृद्धि दर्ज की गई है। राज्य का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से 5.5 डिग्री सेल्सियस अधिक हो गया है. केलांग में तापमान में सबसे अधिक वृद्धि देखी गई है, जहां सामान्य से 11.8 डिग्री अधिक बढ़कर 4.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है. शिमला का तापमान सामान्य से 8.0 डिग्री की बढ़ोतरी के साथ 19.8 डिग्री सेल्सियस हो गया है. इसी तरह, सुंदरनगर में तापमान 7.6 डिग्री बढ़कर 26.4 डिग्री, भुंतर में 7.3 डिग्री की वृद्धि के साथ 24.5 डिग्री, ऊना में 4.3 डिग्री बढ़कर 26.0 डिग्री, नाहन में 5.3 डिग्री की बढ़ोतरी के साथ 23.0 डिग्री, मनाली में 7.0 डिग्री बढ़कर 17.2 डिग्री और बिलासपुर में सामान्य से 5.2 डिग्री अधिक बढ़कर 24.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[adsforwp id="47"]