



लाइव हिमाचल/पंजाब : पंजाब में लुधियाना के विधानसभा क्षेत्र वेस्ट से आम आदमी पार्टी के विधायक गुरप्रीत बस्सी गोगी की गोली लगने से मौत हो गई है। घटना शुक्रवार रात करीब 12 बजे की है। पुलिस जांच में सामने आया कि गोगी घर में अपना लाइसेंसी पिस्टल साफ कर रहे थे। इसी दौरान अचानक गोली चल गई। गोली सिर से आर-पार हुई। उन्हें पुलिस कर्मचारी और परिवार के सदस्य दयानंद मेडिकल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसका पता चलते ही डिप्टी कमिश्नर जितेन्द्र जोरवाल और पुलिस कमिश्नर कुलदीप चहल अस्पताल में पहुंचे। बाद में अधिकारी गोगी के घर भी पहुंचे। ADCP जसकरण सिंह तेजा ने बताया कि पिस्टल 25 बोर का था। विधायक की मौत किन हालातों में हुई है यह कहना जल्दबाजी होगी। उन्होंने कहा कि सीन ऑफ क्राइम हमने देखा है। किचन में काम करने वाले नौकर ने बताया कि वेपन से एक ही फायर हुआ।उन्होंने कहा कि अभी डिप्रेशन जैसी कोई बात सामने नहीं आई है। उन्होंने रूटीन की तरह खाना खाया था। आज पोस्टमॉर्टम के बाद डेडबॉडी परिजनों को सौंप दी जाएगी। उनका दोपहर 3 बजे लुधियाना में केवीएम स्कूल के पास श्मशान घाट में अंतिम संस्कार किया जाएगा। आज सुबह मंत्री हरदीप सिंह मुंडिया और बरिंदर कुमार गोयल गोगी के घर पहुंचे। जानकारी के मुताबिक सीएम भगवंत मान गोगी के अंतिम संस्कार में शामिल हो सकते हैं। उधर, लुधियाना के घुमार मंडी में दुकानदारों ने दुकानें बंद रखने का फैसला लिया है। सीएम भगवंत मान ने विधायक गोगी की माैत पर शोक जताया। मान ने कहा कि विधायक गुरप्रीत गोगी के निधन का दुखद समाचार सुनकर बहुत दुख हुआ। वे बहुत अच्छे इंसान थे। दुःख की घड़ी में परिवार के प्रति हार्दिक संवेदना। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने चरणों में स्थान दें। परिवार समेत उन लोगों को साहस देना जो इस दर्दनाक अहसास को स्वीकार करना चाहते हैं। देर रात पंजाब के कैबिनेट मंत्री हरदीप सिंह मुंडिया गोगी के घर पहुंचे। उन्होंने कहा कि यह न केवल परिवार बल्कि लुधियाना के लोगों और पार्टी के लिए भी बड़ी क्षति है। दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने लुधियाना के विधायक गुरप्रीत गोगी बस्सी के असामयिक निधन पर दुख जताया। केजरीवाल ने कहा कि गोगी के निधन के बारे में जानकर बहुत दुख हुआ। एक ऐसे नेता जिन्होंने अपने लोगों की अटूट निष्ठा और करुणा के साथ सेवा की, उनके न रहने से एक ऐसा शून्य पैदा होगा जिसे भरना मुश्किल है। उनकी आत्मा को शांति मिले। इस कठिन समय में मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं उनके शोकाकुल परिवार के साथ हैं। उन्हें शक्ति और सांत्वना मिले। हम इस गहरे नुकसान की घड़ी में उनके परिवार और लुधियाना के लोगों के साथ मजबूती से खड़े हैं। उनकी सेवा की विरासत को हमेशा याद रखा जाएगा।