Home » ताजा खबरें » होटलों में ही रहें, घाटी से बाहर न जाएं…’ हिमाचल में यहां बर्फबारी से हालात बुरे! पर्यटकों को पुलिस ने रोका

होटलों में ही रहें, घाटी से बाहर न जाएं…’ हिमाचल में यहां बर्फबारी से हालात बुरे! पर्यटकों को पुलिस ने रोका

Oplus_131072

कुल्लू: हिमाचल प्रदेश की बर्फबारी में तमाम सैलानी फंसे हुए हैं. ताजा तस्वीरें लाहौल स्पीति से आ रही हैं. यहां भारी बर्फबारी होने के बाद सैकड़ों पर्यटक घाटी से बाहर निकलने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन पुलिस ऐसा करने से अभी उन्हें रोक रही. घाटी में हुई भारी बर्फबारी के बाद अब सड़कों पर फिसलन बढ़ गई है. कई रास्तों पर बर्फ की मोटी परत बिछी है. वहीं, अब केलांग से अटल टनल तक सड़क को बहाल करने का काम शुरू किया गया है. ऐसे में सड़क बहाल होने के बाद सैलानियों को अटल टनल होते हुए मनाली की ओर भेजा जाएगा. फिलहाल, लाहौल स्पीति पुलिस की टीम जगह-जगह पर तैनात है और सैलानियों से आग्रह किया जा रहा है कि सुरक्षित अपने होटल में ही रहे।

होटल में रहें, अभी घाटी से बाहर न जाएं
शनिवार को भी लाहौल स्पीति पुलिस की टीम सीसू कोकसर व अन्य इलाकों में घूमती रही.  इस दौरान उन्होंने देखा कि कुछ सैलानी अपने वाहनों से घाटी से बाहर मनाली की ओर  जाने का प्रयास कर रहे थे, तो कुछ सैलानी पैदल ही अटल टनल की ओर जा रहे है. पुलिस ने तुरंत उन सभी को रोका और उनसे आग्रह किया कि वह अपने वाहन को सुरक्षित किनारे लगाएं और अपने होटल में ही आराम करें.

मौसम खुलने पर मनाली भेजे जाएंगे
लाहौल स्पीति पुलिस ने सैलानियों को बताया कि अभी घाटी में मौसम काफी खराब है. ऐसे में सफर करना मुश्किलों भरा होगा. बीते दिनों भी बर्फबारी के चलते सड़कों पर कई वाहन फिसलने लगे थे और ऐसे कई सारे वीडियो सामने आए थे. पुलिस कर्मियों द्वारा पर्यटकों को भी समझाया गया कि ऐसे मौसम में सफर करने पर उनके साथ कोई भी अप्रिय घटना पेश आ सकती है. वहीं, जैसे ही सड़क को बहाल किया जाता है तो उसके बाद सैलानियों को वाहन के साथ मनाली की ओर सुरक्षित भेज दिया जाएगा।

अटल टनल के साउथ पोर्टल पर बर्फ जमी
लाहौल स्पीति पुलिस द्वारा पर्यटकों को बताया जा रहा कि अब बीआरओ द्वारा सड़कों से बर्फ हटाने का काम शुरू कर दिया गया है. जहां अटल टनल के नॉर्थ पोर्टल में बर्फ हटाई जा रही है, लेकिन साउथ पोर्टल में भी बर्फ की मोटी परत है. इसे भी हटाने का काम किया जाएगा. ऐसे में मौसम साफ होने और बर्फ हटाने के बाद ही लाहौल घाटी से पुलिस द्वारा वाहनों को साउथ पोर्टल और फिर आगे मनाली को रवाना किया जाएगा.

मौसम साफ होने का इंतजार करें…
लाहौल स्पीति एसपी मयंक चौधरी ने बताया कि भारी बर्फबारी के चलते यहां पर सैलानी वाहनों के साथ फंसे हैं. लेकिन, यह सभी सुरक्षित हैं. सैलानियों से आग्रह है कि वे बर्फबारी के बीच सफर न करें. जैसे ही मौसम साफ होता है तो उसके बाद सैलानियों को सुरक्षित पुलिस द्वारा अटल टनल के माध्यम से मनाली की ओर रवाना किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *