Home » ताजा खबरें » केंद्र की नीति से बागवान परेशान: प्रियंका गांधी

केंद्र की नीति से बागवान परेशान: प्रियंका गांधी

लाइव हिमाचल/ शिमला: प्रियंका गांधी ने शुक्रवार को लोकसभा में अपने पहले भाषण में हिमाचल के हितों की पैरवी की। प्रियंका गांधी ने कहा कि अडानी को कोल्ड स्टोर देने से हिमाचल के बागवान रो रहे हैं। केंद्र सरकार पर कथित तौर पर एक व्यक्ति को लाभ पहुंचाने का उन्होंने आरोप लगाया। प्रियंका ने कहा कि एक व्यक्ति के लिए सब कुछ बदला जा रहा है। आज की सरकार ने सारे कोल्ड स्टोरेज अडानी को दे दिए हैं। एक व्यक्ति को फायदा पहुंचाया जा रहा है और 142 करोड़ भारतीयों की अनदेखी की जा रही है। रेलवे, एयरपोर्ट समेत सारे कारोबार एक व्यक्ति को दिए जा रहे हैं। केंद्र सरकार राजनीतिक न्याय की बात करती है, लेकिन पैसे के बल पर सरकारें गिराते हैं। उन्होंने इसके लिए उन्होंने महाराष्ट्र और हिमाचल प्रदेश का उदाहरण दिया। उद्योगपति गौतम अडानी का स्पष्ट संदर्भ देते हुए उन्होंने कहा कि देश देख रहा है कि कैसे एक व्यक्ति को बचाने के लिए देश के लोगों की अनदेखी की जा रही है। सारे कारोबार, सारे संसाधन, सारी संपत्ति, सारे अवसर एक व्यक्ति को सौंपे जा रहे हैं।उधर, प्रियंका गांधी के संसद भवन में दिए गए भाषण के अंश सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहे हैं। प्रदेश में भाजपा और कांग्रेस के नेता इसको लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। भाजपा नेताओं ने कहा कि लोकसभा में प्रियंका ने अपनी ही सरकार को कटघरे में खड़ा कर दिया है। हिमाचल प्रदेश में पिछले दो सालों से कांग्रेस की सरकार जो भी कानून बना रही है, वह बड़े-बड़े लोगों के लिए बना रही है और किसानों और बागवानों की अनदेखी हो रही है। उधर, कांग्रेस नेताओं ने कहा कि प्रियंका ने केंद्र सरकार की ओर से बनाए गए कानूनों का हवाला दिया है। भाजपा नेता जानबूझ कर जनता को गुमराह करने में लगे हैं। भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद सुरेश कश्यप ने कहा है कि शुक्रवार लोकसभा में संविधान पर चर्चा के दौरान कांग्रेस की वरिष्ठ नेता प्रियंका गांधी ने अपनी ही सरकार को कटघरे में खड़ा कर दिया। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में पिछले दो साल से कांग्रेस की सरकार जो भी कानून बना रही है वह बड़े-बड़े लोगों के लिए बना रही है। किसानों और बागवान, छोटे किसानों की अनदेखी कर रही है। उन्होंने कहा की प्रदेश की वर्तमान कांग्रेस सरकार पूरी तरह फेल हो गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[adsforwp id="47"]