Home » Uncategorized » कंगना रनौत की सांसदी को चुनौती, हिमाचल हाईकोर्ट में MP ने दिया जवाब; क्या है पूरा मामला?

कंगना रनौत की सांसदी को चुनौती, हिमाचल हाईकोर्ट में MP ने दिया जवाब; क्या है पूरा मामला?

मंडी: मंडी लोकसभा सीट से भाजपा सांसद कंगना रनौत के निर्वाचन को चुनौती देने वाली याचिका पर सोमवार को हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट में सुनवाई हुई। यह मामला न्यायाधीश संदीप शर्मा की एकल पीठ ने सुना। कंगना के वकील ने इस केस में जवाब कोर्ट में दायर किया है। इस पर याचिकाकर्ता लायक राम नेगी के वकील ने उनके जवाब का रिप्लाई फाइल करने का समय मांगा है। उन्हें इसके लिए चार हफ्तों का समय दिया गया है। अगली सुनवाई चार हफ्तों बाद होगी। पिछली सुनवाई में हाईकोर्ट ने किन्नौर निवासी लायक राम नेगी द्वारा दायर चुनाव याचिका की प्रारंभिक सुनवाई के बाद कंगना को नोटिस जारी कर याचिका का जवाब देने के आदेश जारी किए थे। दरअसल, प्रार्थी लायक राम नेगी ने लोकसभा चुनाव में अपने नामांकन पत्र को अनुचित तरीके से अस्वीकृत करने का आरोप लगाते हुए मंडी लोकसभा सीट के लिए हुए लोकसभा चुनाव को रद्द करने की मांग की है।लायक राम नेगी वन विभाग के पूर्व कर्मचारी हैं। उन्होंने समय से पहले सेवानिवृत्ति ले ली थी। उनका कहना है कि वह चुनाव लड़ना चाहते थे, लेकिन उसके नामांकन पत्र को मंडी के चुनाव अधिकारी ने गलत तरीके से रद्द कर दिया गया था। उन्होंने इस मामले में चुनाव आयोग के रिटर्निंग ऑफिसर जिलाधीश मंडी को भी प्रतिवादी बनाया है।प्रार्थी के अनुसार, उसने 14 मई 2024 को मंडी लोकसभा सीट के लिए अपना नामांकन पत्र दाखिल किया था। नामांकन के दौरान प्रार्थी ने वन विभाग से समय से पहले रिटायर होने पर संबंधित विभाग से जारी नो ड्यू सर्टिफिकेट निर्वाचन अधिकारी को सौंपे। हालांकि उसे यह बताया गया कि सरकारी आवास से संबंधित बिजली, पानी और टेलीफोन के नो ड्यू सर्टिफिकेट भी जरूरी होंगे, जिन्हें अगले दिन तक प्रस्तुत करने का समय दिया गया। 15 मई को नामांकन पत्रों की जांच के दौरान प्रार्थी ने इन सभी प्रमाणपत्रों को रिटर्निंग ऑफिसर को सौंपा, लेकिन उन्होंने इन दस्तावेजों को स्वीकार करने से इंकार कर दिया। उन्हें बताया गया कि नो ड्यू सर्टिफिकेट न होने के कारण यह एक बड़ी गलती है, जिसे अब ठीक नहीं किया जा सकता और नामांकन अस्वीकार कर दिया गया। प्रार्थी का कहना है कि यह कोई बड़ी गलती नहीं थी और अगर उसे चुनाव लड़ने का मौका मिलता तो वह संभवतः चुनाव जीत सकता था। अब प्रार्थी ने मंडी लोकसभा चुनाव को रद्द करने की मांग की है ताकि फिर से इस सीट के लिए चुनाव हो सके। बता दें कि इसी साल हुए लोकसभा चुनाव में कंगना रनौत ने भाजपा की टिकट पर चुनाव लड़ा और कांग्रेस उम्मीदवार विक्रमादित्य सिंह को 74755 मतों से हराया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *