Home » Uncategorized » वैश्विक स्तर पर चमकी शिलाई की लड़की, विश्व कपास अनुसंधान कॉन्फ्रेंस में दबदबा

वैश्विक स्तर पर चमकी शिलाई की लड़की, विश्व कपास अनुसंधान कॉन्फ्रेंस में दबदबा

नाहन : हिमाचल प्रदेश सिरमौर गिरिपार क्षेत्र के शिलाई की बेटी डॉ. राधा ने गरीबी और संघर्षों को मात देते हुए वैश्विक मंच पर अपनी चमक बिखेरी है। बालीकोटी पंचायत के बोबरी गांव की रहने वाली बेटी डॉ. राधा ने विश्व कपास अनुसंधान कॉन्फ्रेंस में हिस्सा लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हिमाचल प्रदेश को गौरवान्वित किया है। डॉ राधा ने न केवल हिस्सा लिया बल्कि कपास से क्राफ्ट बनाकर पहला पुरस्कार भी जीता है। इससे पहले  विश्व कपास अनुसंधान कॉन्फ्रेंस में किसी भी हिमाचली ने हिस्सा नहीं लिया। डॉ. राधा ने हिमाचल का प्रतिनिधित्व करते हुए उज्बेकिस्तान के ताशकंद में आयोजित विश्व कपास अनुसंधान कॉन्फ्रेंस-8 (WCRC-8) में अपनी रिसर्च पेपर “अल्ट्रासाउंड-सहायता प्राप्त आयनिक तरल विधि का उपयोग करके कपास के डंठल से लिग्निन का संवर्धित निष्कर्षण ( Enhanced Lignin Extraction from Cotton Stalk Using Ultrasound-Assisted Ionic Liquid Method) पर पेपर प्रस्तुत किया। यह रिसर्च पेपर मौलिक तकनीक पर आधारित था और सम्मेलन में इसे मौखिक प्रस्तुति के लिए चुना गया। सम्मेलन में डॉ. राधा की प्रतिभा ने उन्हें अंतरराष्ट्रीय शोधकर्ताओं के बीच एक विशेष स्थान भी दिलाया। सम्मेलन के दौरान डॉ. राधा ने न केवल अपने शोध का प्रस्तुतीकरण किया, बल्कि अपने रचनात्मक कौशल का भी जबरदस्त प्रदर्शन किया। उन्होंने कपास से शिल्प बनाने की प्रतियोगिता में पहला स्थान हासिल किया और हिमाचल प्रदेश के पारंपरिक परिधान (traditional attire) में प्रतियोगिता में भाग लेकर $200 का पुरस्कार जीता। उन्होंने 10 मिनट के भीतर कपास से एक अद्वितीय शिल्प तैयार कर $100 का पुरस्कार भी अपने नाम किया। मात्र 6 मिनट में डॉ राधा ने “एक दुनिया -एक कपास” थीम पर अद्भुत ग्लोब बना डाला।

इस महत्वपूर्ण उपलब्धि को हासिल करने के लिए उन्हें विज्ञान और इंजीनियरिंग अनुसंधान बोर्ड (SERB) से वित्तीय सहायता मिली। जिसके लिए उन्होंने बोर्ड और शूलिनी विश्वविद्यालय के नेतृत्व को धन्यवाद दिया। उन्होंने विशेष रूप से कुलपति प्रो. अतुल खोसला, चांसलर प्रो. पी.के. खोसला और रजिस्ट्रार प्रो. सुनील पुरी के सहयोग के प्रति आभार व्यक्त किया। डॉ. राधा ने यह मुकाम हासिल करने के लिए संघर्षों के कई पड़ाव को पार किया है। मां ने आइसक्रीम बेचकर बेटी पढ़ाई पूरी की। जिसके परिणामस्वरूप डॉ राधा,  हिमाचल की ऐसी पहली लड़की बन गई है जिसने वर्ल्ड कॉटन रिसर्च में वैश्विक मंच पर अपना नाम रोशन किया है। वर्तमान में राधा शूलिनी यूनिवर्सिटी में सहायक प्रोफेसर के पद पर अपनी सेवाएं दे रही है। अपने संघर्ष को याद करते हुए डॉ. राधा ने कहा, “मैं अपने माता-पिता बहुत आभारी हूँ, जिन्होंने हर कदम पर मेरा साथ दिया। उन्होंने मेरी पढ़ाई के लिए लगातार संघर्ष किया। मेरे लिए गर्व की बात है कि मैं हिमाचल के एक छोटे से गांव से निकलकर अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी रिसर्च को प्रस्तुत कर पाई। डॉ राधा ने बताया कि 7 दिन के टूर में दो अन्य देशों की भी यात्रा करने का अवसर मिला। उन्होंने बताया कि इंडिया से 10 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया जिनमे वो सबसे युवा थी। डॉ. राधा ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा शिलाई से प्राप्त की। इसके बाद जमा दो की पढ़ाई शिमला के पोर्टमोर स्कूल से पूरी की। उन्होंने बीएससी की डिग्री आरकेएमवी कॉलेज, शिमला से हासिल की और फिर हेमवती नंदन बहुगुणा केंद्रीय विश्वविद्यालय, उत्तराखंड से एमएससी (MSc) की पढ़ाई की। बेटी की इस उल्लेखनीय सफलता पर उनकी मां, विद्या देवी, का सीना गर्व से चौड़ा हो गया है। कुल मिलाकर  डाॅ. राधा ने ये मुकाम ऐसे ही हासिल नहीं किया है। वो, रोजाना 14 से 15 घंटे तक लैब में ही बिताती थी। भूख-प्यास की कोई परवाह नहीं करती थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *