



शिमला। प्रदेश की ऊंची चोटियों शिंकुला, बारालाचा, रोहतांग व कुंजुम में हल्का हिमपात हुआ और अन्य स्थानों पर रुक-रुक कर वर्षा जारी रही। मौसम विभाग ने शनिवार को शिमला व सिरमौर जिले में कुछ स्थानों पर भारी वर्षा व अचानक बाढ़ आने की चेतावनी जारी की है।
17 सितंबर तक सक्रिय रहेगा मानसून
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में 17 सितंबर तक मानसून सक्रिय रहेगा और उसके बाद हल्की कमी आने का अनुमान है।वर्षा के कारण अधिकतम तापमान में तीन से छह डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है। सुंदरनगर, भुंतर व सैंज में पांच डिग्री सेल्सियस से अधिक की गिरावट आई है। कई स्थानों पर न्यूनतम तापमान में एक से तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है।
30 सड़के यातायात के लिए बंद
शुक्रवार को सोलन में 20, शिमला में 18 व धौलाकुआं में आठ मिलीमीटर वर्षा हुई। प्रदेश में एक राष्ट्रीय राजामार्ग व 30 सड़कें यातायात के लिए बंद है। 22 ट्रांसफार्मर खराब होने से विद्युत आपूर्ति बाधित है।