इटावा : इटावा में दिल्ली-हावड़ा रेल मार्ग पर भरथना और साम्हो रेलवे स्टेशन के बीच हाई स्पीड वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन पिछले 1.30 घंटे से खड़ी है. वंदे भारत एक्सप्रेस के रुकने से रेल प्रशासन में हड़कंप मचा हुआ है. रेलवे के आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक वंदे भारत एक्सप्रेस के इंजन में कोई तकनीकी खामी आ गई है, जिसके कारण ट्रेन भरथना और साम्हो रेलवे स्टेशन के बीच खड़ी हो गई है. वंदे भारत एक्सप्रेस के इंजन में तकनीकी खामी की जानकारी सामने आने के बाद रेलवे के तकनीकी अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं. वहीं यात्री परेशान दिखाई दिए. कई यात्री बोगियों से निकलकर बाहर खड़े हो गए हैं. वंदे भारत एक्सप्रेस का अगला पड़ाव कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन है, लेकिन तकनीकी खामी के कारण वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन पिछले 1.30 घंटे से इटावा में दिल्ली हावड़ा रेल मार्ग पर खड़ी हुई है. वंदे भारत एक्सप्रेस के इंजन में तकनीकी खराबी आने के चलते अब उसमें दूसरा इंजन लगाकर भरथना रेलवे स्टेशन पर वापस लाने की तैयारी की जा रही है. इटावा रेलवे स्टेशन पर नई दिल्ली से कानपुर की ओर जाने वाली शताब्दी एक्सप्रेस ट्रेन को रोका गया है. शताब्दी एक्सप्रेस इटावा स्टेशन पर 10:40 बजे पहुंची थी. खामी दूर करने की कोशिश अफसर कर रहे हैं. बता दें कि वंदे भारत वीवीआईप ट्रेन मानी जाती है. वहीं बीच रास्ते ट्रेन के खड़े होने से यात्रियों में काफी बेचैनी देखी गई।





