शिमला: रोहड़ू के चिड़गांव थाना क्षेत्र में एक शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है जहां देवता के जागरे में गई एक विवाहिता के साथ दुष्कर्म की कोशिश की घटना सामने आई है। चौंका देने वाली बात यह है कि आरोपित ने यौन उत्पीड़न से पहले पीड़िता पर हमला भी किया और उसके कपड़े फाड़ने का प्रयास किया। बड़ी मुश्किल से पीड़िता ने खुद को बचाया। आरोपित ने पीड़िता को इसका खुलासा करने पर जान से मारने की धमकी भी दी है। इस वारदात को पीड़िता के गांव में रहने वाले एक शख्स ने अंजाम दिया है। पीड़िता की शिकायत पर केस दर्ज कर पुलिस आरोपित के खिलाफ कार्रवाई में जुट गई है और उसकी गिरफ्तारी के प्रयास किये जा रहे हैं। मामले के अनुसार 6 सितंबर को चिड़गांव के एक गांव में देवता का जागरा (धार्मिक आयोजन) चल रहा था। पीड़िता भी जागरा देखने के लिए गांव पहुंची। पीड़िता द्वारा पुलिस में दर्ज शिकायत के मुताबिक दोपहर के समय जब वह अपनी सहेली के साथ लघुशंका के लिए जा रही थी तो आरोपित वहां आया और उसका शील भंग करने के इरादे से उस पर हमला किया तथा उसके साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी। शिकायत के अनुसार आरोपित ने दुष्कर्म की मंशा से उसके कपड़े फाड़ने की भी कोशिश की। जब वह चिल्लाई तो आरोपित वहां से भाग निकला। पीड़िता ने आगे बताया कि जब वह जागरे में वापिस आई तो आरोपित उसे मंदिर परिसर में दोबारा मिला और उसने उसे धमकाया कि इस बार वह बच गई लेकिन भविष्य में वह उसे नहीं छोड़ेगा। आरोपित की हरकत से सहमी पीड़िता ने पुलिस स्टेशन में उसके साथ हुई घटना की शिकायत दर्ज करवाई। पीड़िता ने शिकायत में कहा है कि जब यह वारदात हुई तो आरोपित के साथ एक और शख्स भी था जिसे वह नहीं जानती है। चिड़गांव थाना प्रभारी ने रविवार को बताया कि पीड़िता की शिकायत पर आरोपित के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 74, 75, 76, 351 (2), 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि आरोपित वारदात के बाद फरार है। उसे पकड़ने के लिए जाल बिछा दिया गया है और जल्द उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।





