नाहन : उद्योग, संसदीय मामले और श्रम एवं रोजगार मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने निजी समाचार नेटवर्क द्वारा जिला सिरमौर के मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित करने के लिए आयोजित “शाइनिंग स्टार अवार्ड” कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। उन्होंने इस कार्यक्रम के दौरान विभिन्न स्कूलों के 80 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने लगभग 398 विद्यार्थियों को सम्मानित किया जिनमें 270 छात्राएं और 128 छात्र शामिल थे। उद्योग मंत्री ने विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि शिक्षा व्यक्ति को पूर्ण बनाती है और पूर्ण व्यक्ति बनने के लिए अच्छी शिक्षा प्राप्त करना जरूरी है। उन्होंने शिक्षकों से विद्यार्थियों को गुणवत्ता शिक्षा प्रदान करने के साथ साथ उनके चरित्र निर्माण पर भी बल दिया। उन्होंने कहा की अपने लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए अनुशासन अपनाना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धा के युग में बच्चों को शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत होना चाहिए।
उद्योग मंत्री ने कहा की प्रदेश सरकार द्वारा राज्य की 20 हजार मेधावी छात्राओं को ई-स्कूटी खरीदने पर 25 हजार रुपए की सब्सिडी का प्रावधान किया गया है। राज्य सरकार द्वारा ब्याज मुक्त ऋण योजना के तहत एक लाख रूपए से कम वार्षिक पारिवारिक आय वाली लड़कियों को जेबीटी , नर्सिंग, होटल मैनेजमेंट , एमबीबीएस, एमबीए , इंजीनियरिंग, एलएलबी तथा बीएड आदि व्यावसायिक एवं तकनीकी शिक्षा के लिए 75 हजार रूपए तक के ब्याज मुक्त ऋण का भी प्रावधान किया जा रहा है।





