देहरा : हिमाचल प्रदेश में देहरा विधानसभा उपचुनाव में सीएम की पत्नी और कांग्रेस उम्मीदवार कमलेश ठाकुर ने बुधवार को भी चुनाव प्रचार कर विरोधियों को आड़े हाथों लिया. उन्होंने कहा, पूर्व निर्दलीय विधायक होशियार सिंह कह रहे हैं कि चुनाव बाद मैडम को कहां ढूंढेंगे, वह सुन लें मैं कोई सुई नहीं हूं जो गुम हो जाऊंगी. देहरा मिलूंगी या ज्यादा से ज्यादा ससुराल में नादौन होउंगी। मेरा तो सब कुछ देहरा का है, मैं भी धरतीपुत्री हूं. जो मुझे बाहरी बता रहे, वह कहां से आए हैं यह भी जनता को बता दें। वह तो अधिकतर रहते ही मुंबई व कनाडा हैं. कमलेश ठाकुर ने ये बातें देहरा विधानसभा क्षेत्र में चुनाव प्रचार के दौरान कहीं. उन्होंने कहा कि मेरा व मुख्यमंत्री का कोई बिजनेस नहीं है, हमने जनसेवा को ही ध्येय माना है. हमें मुंबई व कनाडा नहीं रहना, देहरा हमारा है. नादौन में ससुराल व काम करवाने के लिए शिमला जाऊंगी. अब देहरा भी मुख्यमंत्री का विधानसभा क्षेत्र बनने जा रहा है. देहरा की जनता मतदान के समय कोई गलती न करें. बना बनाया मुख्यमंत्री इस विधानसभा क्षेत्र को मिल रहा है. अब देहरा की जनता खुद को ठगा महसूस नहीं करेगी. कमलेश ठाकुर ने कहा कि खुद को धरतीपुत्र कहने वाले भी देहरा की जनता को बताएं वह कहां से आए हैं. उनका तो जन्म ही मुंबई का है, मैं तो देहरा में जन्मी हूं, मेरी जमीन भी देहरा में है, इसलिए भाजपा वाले चिंतित न हों. होशियार सिंह जनता को बताएं कि 14 महीने बाद ही इस्तीफा क्यों दिया. जनता ने तो चुनकर 5 साल के लिए भेजा था. विधायकी छोड़कर फिर विधायक का चुनाव लड़ना देश के इतिहास की पहली घटना है. विधायक पद से इस्तीफा देकर कोई और चुनाव लड़ते तो जनता मान भी लेती, लेकिन फिर वही चुनाव लड़ना जनता के साथ धोखा है. देहरा की जनता उनके 10 जुलाई के चुनावी मेले का निमंत्रण स्वीकार करे. खुद भी वोट डालें और आस-पड़ोस व सगे-संबंधियों से भी डलवाएं. यह चुनाव देहरा के भविष्य का चुनाव है. अगर विकास करवाना है तो मुख्यमंत्री के साथ चलें व कांग्रेस को वोट दें. उधर, मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रेम कुमार धूमल के हारने का हमीरपुर जिला को बड़ा नुकसान हुआ. बीते 5 साल जिला में विकास कार्य नहीं हुए. जयराम ने धूमल को कमजोर करने के लिए हमीरपुर में विकास रोक दिया. हमीरपुर से कोई मंत्री नहीं बनाया. धूमल 2017 में घोषित मुख्यमंत्री थे, उन्हें साजिश के तहत हराया गया. इसमें भाजपा के साथ वे लोग शामिल थे, जिन्होंने वर्तमान सरकार को गिराने की साजिश रची. किसी ने सोचा नहीं होगा कि हमीरपुर जैसे छोटे जिला को दोबारा मुख्यमंत्री मिलेगा. लेकिन, कांग्रेस ने पहली बार निचले हिमाचल से मुख्यमंत्री बनाया.
तीन विधायक सरकार गिराने के षड़यंत्र-CM
सीएम ने कहा कि मेरे ही जिला के तीन विधायक सरकार गिराने के षड़यंत्र में शामिल हुए. दूसरे जिलों के विधायक व लोग अपने जिले का मुख्यमंत्री चाहते हैं और हमीरपुर जिला के तीन विधायक मुख्यमंत्री को हटाने में ही लग गए. ये वही लोग हैं जिन्होंने धूमल को हराने की भी साजिश रची. मुख्यमंत्री ने ये बातें हमीरपुर विधानसभा क्षेत्र के बल्ह, बलोह, अग्घार, दरोग, खग्गल व धनेड में कांग्रेस उम्मीदवार डॉ पुष्पिंदर वर्मा के पक्ष में चुनाव प्रचार के दौरान कहीं।





