Home » Uncategorized » महाराष्ट्र में झरने के पानी में डूबे एक ही परिवार के 5 लोग, पिकनिक के दौरान हुआ हादसा…

महाराष्ट्र में झरने के पानी में डूबे एक ही परिवार के 5 लोग, पिकनिक के दौरान हुआ हादसा…

Maharashtra News: महाराष्ट्र के पुणे के लोनावला इलाके में भुशी बांध के पास एक झरने के पानी में बहने से रविवार को एक महिला और दो बच्चों की मौत हो गई. जबकि दो बच्चे लापता हैं. लापता बच्चों की उम्र 4-9 साल के बीच है. एक पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी. इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.

पुणे देहात के पुलिस अधीक्षक पंकज देशमुख ने कहा कि यह घटना अपराह्न करीब डेढ़ बजे हुई, जिसके बाद तलाश एवं बचाव दलों को मौके पर भेजा गया. सभी लोग एक ही परिवार के हैं जो यहां पिकनिक मनाने आए थे.

लोनावला में परिवार के साथ भयानक हादसा

देशमुख ने कहा, ‘शाइस्ता अंसारी (36), अमीना अंसारी (13) और उमेरा अंसारी (8) के शव निकाल लिए गए हैं, जबकि अदनान अंसारी (4) और मारिया सैयद (9) लापता हैं. वे एक ही परिवार के सदस्य हैं और भुशी बांध से लगभग दो किलोमीटर दूर एक झरने में फिसल गए और जलाशय में डूब गए.

लोनावला पुलिस थाने के अधिकारी ने बताया, ‘हदपसर इलाके के अंसारी परिवार के लोग पिकनिक मनाने के लिए भुशी बांध गए थे. वे बांध के पास झरना देखने गए थे लेकिन इलाके में भारी बारिश के कारण पानी का बहाव बढ़ गया और वे तेज बहाव में बह गए. तलाश अभियान फिलहाल रोक दिया गया है. सोमवार सुबह अभियान दोबारा शुरू किया जाएगा.’

कई राज्यों में हो रही भारी बारिश

देश के कई राज्यों में इस समय भारी बारिश हो रही है. दिल्ली और उत्तराखंड में भी लोगों की डूबने से मौत होने के कई मामले सामने आए हैं. दिल्ली में 28 जून को 24 घंटे में 228 मिमी बारिश के बाद कुछ लोगों के मरने की जानकारी मिली है. आप सरकार ने जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों को 10 लाख रुपये का मुआवजा देने का ऐलान किया है.

उत्तराखंड में दो किशोरों की डूबने से मौत

वहीं, उत्तराखंड में रविवार को अलग-अलग जगहों पर डूबने के कारण दो किशोरों की मौत हो गई.  पुलिस ने बताया कि देहरादून के गुनियाल गांव के पास एक बरसाती नदी में नहाते समय एक किशोर डूब गया. सूचना मिलने पर राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) की टीम मौके पर पहुंची और तलाशी अभियान शुरू किया.

झरने में नहाते समय किशोर डूबा

पुलिस ने बताया कि कड़ी मशक्कत के बाद नदी से किशोर का शव बरामद किया गया. किशोर की शिनाख्त देहरादून के निरंजनपुर के निवासी अभिषेक (18) के रूप में हुई है. एक अन्य घटना में, चंपावत जिले के ओखलढुंगगा के पास एक झरने में नहाते समय एक किशोर डूब गया.

पुलिस ने बताया कि दोपहर बाद हुई इस घटना की सूचना मिलने पर एसडीआरएफ टीम मौके पर पहुंची और डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद उसका शव बाहर निकाला. उसने बताया कि किशोर की पहचान पुनावे चंपावत के निवासी धीरज (17) के रूप में की गयी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[adsforwp id="47"]