Home » Uncategorized » खौफनाक वारदात : दराट लेकर बहू पर टूट पड़ी सास, गले पर किए वार…

खौफनाक वारदात : दराट लेकर बहू पर टूट पड़ी सास, गले पर किए वार…

हमीरपुर: हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले में आपसी कहासुनी के चलते बुजुर्ग सास द्वारा अपनी बहू का गला काटने का मामला सामने आया है। इस घटना में बहू के गले पर दराट से वार किया गया है जिससे बहू बुरी तरह लहूलुहान हो गई। मामला पुलिस चौकी भोटा के तहत रोपड़ी क्षेत्र का है। इस मामले में घायल महिला की शिकायत पर पति और सास के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। महिला को उपचार के बाद मायके पक्ष वाले अपने साथ ले गए हैं।

दराट से गले पर किया हमला

रोपड़ी क्षेत्र में वीरवार को 90 वर्षीय सास और 35 वर्षीय बहू की घर में किसी बात को लेकर लड़ाई हो गई। सास के हाथ में दराट था और वह खेतों में कार्य करने के लिए जा रही थी। इस दौरान सास-बहू में पारिवारिक विवाद को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। दोनों में नौबत हाथापाई तक पहुंच गई। इस दौरान दराट से बहू के गले में चोट लग गई। इसके बाद घायल महिला को भोटा अस्पताल में उपचार के लिए ले जाया गया। यहां पर सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची।

महिला के गले में लगे टांके

पुलिस को दिए बयान में घायल महिला ने कहा कि सुबह के वक्त उसके पति ने उसके साथ बहसबाजी और लड़ाई की। पति सुबह घर से बाहर चला गया लेकिन दोपहर को सास बहू में लड़ाई शुरू हो गई। महिला के गले में टांके लगे हैं। पुलिस में शिकायत दर्ज करवाने के बाद घायल महिला के मायके पक्ष के लोग उसे अपने साथ ले गए हैं। पुलिस अधीक्षक हमीरपुर भगत सिंह ने कहा कि मामले की छानबीन जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[adsforwp id="47"]