Home » Uncategorized » मंडी : पैर फिसलने से ब्यास नदी में डूबा पंजाब का युवक….

मंडी : पैर फिसलने से ब्यास नदी में डूबा पंजाब का युवक….

मंडी : मंडी शहर के बिंद्रावणी में पैर फिसलने से पंजाब का एक युवक व्यास नदी में डूब गया है। हादसा शुक्रवार सुबह 6ः30 बजे के करीब पेश आया है। युवक की तलाशी के लिए एसडीआरएफ व सुंदरनगर से गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंच गई है लेकिन अभी तक युवक का कोई सुराग नहीं लग पाया है। बताया जा रहा है कि लोगों के विरोध करने के बाद भी युवक व्यास नदी में उतर गए जिसके बाद इनके साथ यह हादसा पेश आया है। मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह पंजाब से 5 दोस्त रोहतांग घूमने के लिए जा रहे थे। जब यह बिंद्रावणी के पास पहुंचे तो ब्यास नदी की ओर उतर गए। जिनमें से एक युवक जसदीप सिंह निवासी कुराली का अचानक पैर फिसल गया और वह ब्यास नदी में डूब गया। वहीं दोस्त को बचाने के लिए आकाशदीप ने भी नदी में छलांग लगा दी, जिसे प्रवासी मजदूर ने डूबने से बचा लिया। घटना की सूचना मिलने के बाद एसडीआरएफ और पंडोह चौकी की टीम मौके पर पहुंच गई है। लेकिन 12 बजे तक जसदीप सिंह का कोई भी सुराग नहीं लग पाया है। जसदीप सिंह के सर्च ऑपरेशन के लिए अब सुंदरनगर से गोताखोरों की टीम बुलाई है। प्रत्यक्षदर्शी व प्रवासी मजदूर तनवीर ने बताया कि स्थानीय लोगों व उनके द्वारा इंकार करने के बाद भी युवक ब्यास नदी में उतर गए जिनमें से एक युवक नदी में डूब गया है और उसके साथी को डूबने से बचा लिया गया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सागर चंद्र ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि एडीआरएफ और गोताखोरों की टीम द्वारा युवक की तलाश जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[adsforwp id="47"]