Home » Uncategorized » शिकार को लेकर आग के हवाले कर दिया जंगल, वन विभाग ने 3 लोगों के खिलाफ दर्ज करवाया मामला

शिकार को लेकर आग के हवाले कर दिया जंगल, वन विभाग ने 3 लोगों के खिलाफ दर्ज करवाया मामला

पपरोला : कांगड़ा जिला के उपमंडल बैजनाथ के दयोल बीट सी 4 में वन विभाग के पौधारोपण क्षेत्र में शिकार करने की एवज में आग लगाने वाले 3 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज हुआ है। जानकारी के अनुसार वन खंड अधिकारी दयोल रणजीत सिंह ने पुलिस थाना बैजनाथ में सौंपी शिकायत में बताया कि बीते 13 जून को सामूहिक गश्त के दौरान देर शाम को दयोल बीट सी 4 में धुआं दिखाई देने के बाद वन विभाग की टीम ने वहां का दौरा किया। इस दौरान वहां पर विक्रम ठाकुर व राजेश कुमार निवासी लुलाणी और रमेश कुमार निवासी दयोल मौजूद पाए गए। वन विभाग की टीम ने जब उक्त तीनों से बंदूक रखने को लेकर पूछताछ की तो वे कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। रणजीत ने बताया कि मौके पर मौजूद तीनों लोगों ने कबूल किया कि वे शिकार के सिलसिले में यहां आए थे और उसी के चलते जंगल में आग लगाई थी। उक्त तीनों ने वन विभाग के पौधारोपण क्षेत्र 8.5 हैक्टेयर भूमि में आग लगाई थी, जिससे विभाग को करीब 478550 रुपए का प्रारंभिक नुक्सान हुआ है। आरोपियों के खिलाफ पुलिस थाना बैजनाथ में मामला दर्ज करवाया गया है। उधर, थाना प्रभारी भूपेंद्र ठाकुर ने बताया कि वन विभाग की शिकायत के बाद मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[adsforwp id="47"]