
शिमला: मंत्रियों और कांग्रेस विधायकों ने तीनों निर्दलीय विधायकों की शिकायत कर विधानसभा अध्यक्ष से इनके इस्तीफों के कारणों की जांच करने की मांग की है। इस पर विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया की ओर से संज्ञान लेने पर विधानसभा सचिवालय ने तीनों निर्दलीय विधायकों केएल ठाकुर, होशियार सिंह और आशीष शर्मा को नोटिस जारी किए हैं और उनसे 10 अप्रैल तक जवाब मांगा है। शिकायत में इन पर आरोप हैं कि इन्हें इस्तीफे देने के लिए हेलिकाप्टर में लाया गया और इनके साथ भाजपा के वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। उन्होंने आरोप लगाया कि जनता ने इन्हें पांच साल के लिए चुना है। इन्होंने भाजपा के दबाव में इस्तीफे दिए। राज्यसभा चुनाव में भाजपा के पक्ष में मतदान करने वाले तीन निर्दलीय विधायकों हमीरपुर से आशीष शर्मा, देहरा से होशियार सिंह और नालागढ़ से केएल ठाकुर ने विधायक पद से शुक्रवार को इस्तीफे सौंपे थे। मंत्रियों और कांग्रेस विधायकों का आरोप है कि शुक्रवार को नई दिल्ली से हेलिकाप्टर में शिमला पहुंचकर तीनों ने विधानसभा सचिव को इस्तीफे सौंपे।





