सोलन : सोलन खाद्य आपूर्ति विभाग इन दिनों काफी चर्चा में है। यह चर्चा काम को लेकर नहीं बल्कि एक पद पर दो अधिकारियों के बैठने को लेकर है। आपको बता दें कि पिछले
दिनों सोलन के मौजूदा खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग
अधिकारी का ट्रांसफर सिरमौर को हो गया था। उनकी जगह
सिरमौर खाद्य आपूर्ति विभाग के अधिकारी को सोलन भेजा
गया था, लेकिन कुछ समय बाद सोलन खाद्य आपूर्ति
विभाग के अधिकारी का ट्रांसफर ऑर्डर कैंसल हो गया
और उन्हें सोलन सहित सिरमौर का भी अतिरिक्त
चार्ज दे दिया गया। इस बीच सिरमौर के अधिकारी को
सोलन की जगह मंडी ट्रांसफर कर दिया गया। इसी बात को
लेकर विवाद बढ़ गया। सिरमौर से आए अधिकारी मंडी जाने की जगह सोलन ऑफिस पहुंच गया और मौजूदा खाद्य आपूर्ति विभाग की सीट पर बैठ गए। इसको लेकर विवाद पनप गया। गौरतलब है कि अब आदर्श चुनाव आचार संहिता लगे होने
के कारण इस मामले में नए आदेश जारी नहीं हो सकते। वहीं खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति अधिकारी, जिला सोलन नरेंद्र धीमान ने बताया कि 14 मार्च को मेरा स्थानांतरण सिरमौर के लिए हुआ था और मेरे स्थान पर सिरमौर में तैनात अधिकारी को सोलन भेजा गया था। 15 व 16 मार्च को मैं छुट्टी पर रहा और इसी बीच 15 मार्च को सरकार ने मेरा स्थानांतरण रद कर दिया, जबकि मेरे स्थान पर भेजे गए सिरमौर के खाद्य
एवं नागरिक आपूर्ति अधिकारी का स्थानांतरण मंडी कर दिया गया। सिरमौर से आए अधिकारी पिछले तीन-चार दिन से रोज दफ्तर पहुंच जाते हैं और उनका ऑर्डर मंडी होने के बाद भी यहां से हिलने का नाम नहीं ले रहे। उन्हें अपने ट्रांसफर कैंसल के ऑर्डर भी दिखाए। इसके बावजूद भी वह मानने को तैयार नहीं हैं।





