Home » Uncategorized » वार्षिक परीक्षाओं के मद्देनजर ध्वनि प्रदूषण को नियंत्रित करे पुलिस विभाग : सुमित खिमटा

वार्षिक परीक्षाओं के मद्देनजर ध्वनि प्रदूषण को नियंत्रित करे पुलिस विभाग : सुमित खिमटा

नाहन: उपायुक्त सिरमौर सुमित खिमटा ने स्कूली विद्यार्थियों की आगामी वार्षिक परीक्षाओं के मद्देनजर ध्वनि प्रदूषण को हर हाल में रोकने के लिए लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश पुलिस विभाग और संबंधित अधिकारियों को दिए हैं। सुमित खिमटा ने कहा कि शीघ्र ही विद्यार्थियों की वार्षिक परीक्षा आरम्भ होने वाली है। इसलिए विभिन्न प्रकार के लाउडस्पीकर, डीजे आदि ध्वनि यंत्रों से होने वाले ध्वनि प्रदूषण की रोकथाम के लिए सम्बन्धित विभाग मुस्तैदी से कार्य करे। सुमित खिमटा ने कहा कि माननीय सुप्रीम कोर्ट द्वारा रात्रि 10 बजे से सुबह 6 बजे तक सभी प्रकार के लाउडस्पीकर, डीजे आदि ध्वनि यंत्रों के इस्तेमाल पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया है और पुलिस विभाग इन आदेशों की अनुपालना सुनिश्चित बनायें। उन्होंने कहा कि जनहित में अन्य सभी प्रकार के ध्वनि प्रदूषण को भी सम्बन्धित विभाग नियंत्रित करना सुनिश्चित बनाए। उपायुक्त सिरमौर सुमित खिमटा गुरुवार को नाहन में जिला पर्यावरण योजना समिति की मासिक बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।

सुमित खिमटा ने ग्रामीण विकास और स्थानीय निकाय के अलावा जिला के सभी प्राधिकृत अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रदेश सरकार द्वारा प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक के इस्तेमाल को पूरी तरह रोकना सुनिश्चित बनाया जाए। उन्होंने अधिकृत विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक के प्रयोग की रोकथाम के लिए समय-समय पर विशेष अभियान चलाए और औचक निरीक्षण भी किए जाएं तथा दोषियों के चालान भी किए जाए। उन्होंने कहा कि सरकार और जिला प्रशासन ने सभी अधिकृत विभाग के अधिकारियों को चालान बुक प्रदान कर दिए हैं। उपायुक्त ने जिला में सोलिड वेस्ट मैनेजमेंट व्यवस्था को सही प्रकार से लागू करने के लिए के लिए सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं। उन्होंने नगर परिषद नाहन, पांवटा तथा नगर पंचायत राजगढ़ और पंचायत अधिकारियों को तरल और ठोस कूड़े की छंटाई सोर्स पर ही करने के निर्देश दिए। उन्होंने आमजन से भी आग्रह किया है कि सभी लोग जब भी अपने घर का कूड़ा सम्बन्धित नगर परिषद अथवा पंचायत को प्रदान करें, तो गीले और ठोस कूड़े की पहले ही छंटाई कर लें ताकि ठोस कूड़े के निस्तारण में सम्बन्धि एजेंसी को किसी भी प्रकार की दिक्कत न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[adsforwp id="47"]