Home » Uncategorized » Himachal Snowfall: सड़कें बहाल करने के लिए 15 हजार कर्मियों की छुट्टियां हुई रद्द…

Himachal Snowfall: सड़कें बहाल करने के लिए 15 हजार कर्मियों की छुट्टियां हुई रद्द…

शिमला: हिमाचल प्रदेश के पहाड़ी इलाकों में भारी बर्फबारी के बाद बंद हुईं सड़कों को बहाल करने के लिए लोक निर्माण विभाग ने 15,000 कर्मचारियों की फील्ड में तैनात किया है। विभाग ने इन कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी हैं। जिला शिमला, चंबा, कुल्लू, किन्नौर और लाहौल स्पीति समेत अन्य जिलों में 475 सड़कें यातायात के लिए बाधित हैं।लोक निर्माण विभाग ने सड़कें बंद होने संबंधित जानकारी को लेकर इंजीनियर इन चीफ कार्यालय सहित अन्य मंडल स्तर पर कार्यालय स्थापित किए हैं। इसके अलावा 500 डोजर, जेसीबी सहित मजदूरों की मदद से नेशनल हाईवे, स्टेट हाईव, जिला और संपर्क मार्गों को बहाल किया जा रहा है। लोक निर्माण विभाग के मुताबिक जिला शिमला में 133 सड़कें बंद हैं। लाहौल स्पीति में 157, चंबा में 56, किन्नौर में 6, कुल्लू में 71, मंडी में 51 और कांगड़ा में एक सड़क यातायात के लिए बाधित है। लोक निर्माण विभाग के इंजीनियर इन चीफ अजय गुप्ता ने बताया कि हिमाचल में बर्फबारी से बंद सड़कों को बहाल करने का कार्य युद्ध स्तर पर चला हुआ है। कर्मचारियों को 24 घंटे के भीतर सड़कें बहाल करने को कहा गया है। प्रतिदिन अधीक्षण व अधिशासी अभियंताओं से अपडेट लिया जा रहा है। बर्फबारी से ठप एचआरटीसी के 640 रूट, 3 वोल्वो बसें भी बंद
भारी बर्फबारी से प्रदेश में एचआरटीसी की सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हो रही हैं। ताजा बर्फबारी के बाद रविवार को निगम के करीब 640 रूटों पर बस सेवाएं प्रभावित रहीं। बर्फबारी के कारण कुल्लू, शिमला, मंडी और चंबा जिला में सबसे अधिक बस सेवाएं प्रभावित हुई हैं। सड़कें बंद होने से निगम की 3 वोल्वो बस सेवाएं भी बंद हैं। सड़कों पर रात के समय पानी जमने से फिसलन के चलते निगम ने कई रात्रि रूट बंद कर दिए हैं। निगम की करीब 76 बसें विभिन्न रूटों में फंसी हुई हैं। इन बसों को निकालकर मुख्यालय पहुंचाने के प्रयास किए जा रहे हैं। यात्रियों की सुविधा के लिए एचआरटीसी वैकल्पिक मार्गों से बसों का संचालन कर रहा है। जिला किन्नौर और रामपुर के लिए वाया बसंतपुर बसें भेजी जा रही हैं। राष्ट्रीय राजमार्ग-05 पर भारी फिसलन के चलते परिवहन निगम ने कुछ रूटों पर रात्रि बस सेवाएं स्थगित कर दी हैं। दिल्ली-रामपुर और दिल्ली-रोहड़ू रूट पर वोल्वो सेवाएं भी बंद कर दी गई हैं। यह वोल्वो बसें शिमला-दिल्ली के बीच संचालित की जा रही हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *