Home » Uncategorized » Weather Update: पहाड़ों में बर्फबारी के बाद बढ़ी ठंड ..

Weather Update: पहाड़ों में बर्फबारी के बाद बढ़ी ठंड ..

इस बार पड़ रही भीषण सर्दी और कोहरे से लोग हलकान हो गए हैं। पक्षिमी विक्षोभ के चलते पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बुधवार की शाम से शुरू हुई बारिश रात भर होती रही। गुरुवार दोपहर तक भी मेरठ, बागपत, मुजफ्फरनगर, शामली, सहारनपुर, हापुड़ आदि जिलों में बारिश हुई। सहारनपुर के साढोली कदीम गांव में ओलावृष्टि हुई। इसके साथ ही अन्य स्थानों पर भी ओले पड़े। बारिश के कारण मेरठ में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। बारिश के चलते तापमान में कमी के कारण ठंड बढ़ गई। गुरुवार शाम तक आसमान में बादल छाए रहने से लोग सर्दी से कांपने लगे। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को दिन का अधिकतम तापमान 18.6 डिग्री सेल्सियस और रात का न्यूनतम तापमान 5.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

सड़कों पर सफेद चादर

बात करें पहाड़ी राज्य उत्तराखंड की तो जनवरी सूखी बीत जाने के बाद 31 जनवरी की रात से ही मौसम देहरादून पर मेहरबान हो गया है। देहरादून के साथ-साथ पूरे पहाड़ के ऊंचाई वाले क्षेत्रों पर मौसम विभाग ने बर्फबारी और बारिश हो रही है। पहाड़ी की रानी मसूरी में ओलों की बौछार के बाद मौसम बदल गया और सड़कों पर सफेद चादर बिछ गई। इसके बाद तापमान में काफी गिरावट हो गई। लंबे अंतराल के बाद प्रदेश के पहाड़ी क्षेत्र बर्फबारी से सफेद हो गए हैं। मौसम विभाग देहरादून से जारी पूर्वानुमान के क्रम में पर्वतीय एवं मैदानी क्षेत्रों में कहीं-कहीं मध्यम बारिश, शीत दिवस और पाली का प्रकोप होने की संभावना है। इसके अलावा अतिवृष्टि, ओलावृष्टि व हिमपात से संभावित क्षति एवं मार्ग बाधित होने और संवेदनशील नगरीय व ग्रामीण क्षेत्रों और अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में होने वाली घटनाओं आदि से तत्परता से निपटने हेतु समस्त संबंधित अधिकारियों को अपने अधीनस्थों के साथ अलर्ट पर यानी सजग रहने के निर्देश दिये हैं। अधिकारी, कर्मचारी अपने मोबाइल फोन चालू रखें तथा प्रत्येक घंटे की आपदा संबंधी सूचना तहसील कंट्रोल रूम एवं जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र को टॉल फ्री नंबर 1077 एवं 05942-231178 व 231179 पर दें।

माता वैष्णो देवी के गुफा मार्ग में भी बर्फबारी

वहीं इस बार माता वैष्णो देवी के गुफा मंदिर सहित जम्मू प्रांत के ऊंचाई वाले इलाकों में गुरुवार सुबह ताजा बर्फबारी हुई है। जम्मू क्षेत्र के मैदानी इलाकों में भी मध्यम से हल्की बारिश हुई है। माता वैष्णो देवी के भवन और उसके आसपास ताजा बर्फबारी हुई है। त्रिकुटा पहाड़ी क्षेत्र आज सुबह बर्फ की चादर से ढका हुआ था। त्रिकुटा पहाड़ियों में भैरों घाटी, हिमकोटि और मंदिर तक जाने वाले मार्ग पर भी बर्फबारी हुई है। इसके बावजूद मंदिर की तीर्थयात्रा अप्रभावित रही। सैकड़ों तीर्थयात्री गुरुवार सुबह कटरा आधार शिविर से रवाना हुए।

वैष्णो देवी के अलावा मुगल रोड समेत किश्तवाड़, डोडा, रियासी, रामबन, कठुआ, राजौरी और पुंछ की पहाड़ियों पर भी बर्फबारी हुई है। इस दौरान पटनी टॉप हिल रिजॉर्ट के आसपास की पहाड़ियों पर भी बर्फबारी हुई है। जम्मू और सांबा इलाकों में हल्की हवाओं के साथ बारिश से एक महीने से अधिक समय से चली आ रही शुष्क और ठंडी कोहरे की स्थिति का अंत हो गया है।

मौसम विभाग के एक अधिकारी ने कहा कि बारिश ने अत्यधिक ठंड की स्थिति को समाप्त कर दिया है, जिससे यहां के लोगों को राहत मिली है। किश्तवाड़ जिले में भारी बर्फबारी और बारिश का अनुमान है, जिससे भूस्खलन और राष्ट्रीय राजमार्गों और पहाड़ी सड़कों पर व्यवधान का खतरा है। अधिकारियों ने लोगों को राजमार्गों के किनारे संवेदनशील स्थानों पर भूस्खलन और पत्थर गिरने के संभावित खतरे के बारे में चेतावनी देकर उनसे अनावश्यक यात्रा से बचने का आग्रह किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *