शिमला : टेम्पो ट्रैवलर पर टैक्स लगाने के फैसले के विरोध में उतरे पंजाब की टैक्सी यूनियन अब 15 अक्तूबर को हिमाचल की सीमाएं सील नहीं करेगे। शुक्रवार को सचिवालय में डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री व आजाद टैक्सी यूनियन के प्रतिनिधियों के बीच बैठक हुई। जिसमें यूनियन ने टेम्पो ट्रैवलर पर लगाए टैक्स के फैसले को वापिस लेने की मांग की। यूनियन ने तर्क दिया कि वे केंद्र सरकार को हर साल टैक्स देते है और किसी भी राज्य में अलग से टैक्स नहीं लिया जाता है। आजाद टैक्सी यूनियन पंजाब के अध्यक्ष शरणजीत कलसी ने कहा कि पंजाब, हरियाणा, दिल्ली के टैक्सी यूनियन ने टैक्स के विरोध में 15 अक्तूबर को हिमाचल की सीमाओं को सील करने का ऐलान किया था। अब सरकार की ओर से वार्ता के लिए बुलाया गया था और आज डिप्टी सीएम के साथ बैठक हुई। हिमाचल सरकार द्वारा टैक्स बिल संशोधन किया गया है, जिसमें टेम्पो ट्रैवलर पर अलग से टैक्स लगाया गया है, जोकि सही नहीं है।
ऑल इंडिया परमिट गाड़ियों के लिए मिनिस्ट्री ऑफ रोड ट्रांसपोर्ट को 80 हजार साल का टैक्स अदा करते हैं। उसके बाद पंजाब सरकार को टैक्स अदा कर रहे हैं। अब हिमाचल भी उनपर टैक्स थोप रहा है, जबकि सेंटर मोटर व्हीकल एक्ट के अंदर डबल टैक्स नहीं लगाया जाता, लेकिन हिमाचल सरकार द्वारा यहां पर अलग से टैक्स लगाया गया है।
बैठक में अधिकारी भी मौजूद रहे और डिप्टी सीएम ने इस फैसले को वापिस लेने का आश्वासन दिया है और आगामी कैबिनेट बैठक में इस पर चर्चा करने का आश्वासन दिया है। जिसे देखते हुए फिलहाल 15 अक्तूबर को हिमाचल की सीमाओं को सील नहीं किया जाएगा।
वहीं डिप्टी सीएम मुकेश ने कहा कि आज टैक्सी यूनियन के प्रतिनिधियों से बैठक हुई है और यूनियन ने अपने मांगे उनके समक्ष रखी है। टैक्स हटाने की मांग कर रहे है। उन्होंने कहा कि बाहरी राज्यों से काफी ज्यादा बसें हिमाचल आती है और बिना टैक्स दिए सवारियां ले कर जाती है। जिसे देखते हुए उन पर टैक्स लगाया गया है साथ ही टेम्पो ट्रैवलर पर भी टैक्स लगाया गया और बाहरी राज्यों की टैक्सी यूनियन विरोध कर रही है। इसे लेकर आज उनसे बात हुई और टैक्स कम किया जाएगा या नहीं इस पर जल्द फैसला लिया जाएगा।




