नैनीताल : उत्तराखंड से भीषण हादसे की खबर सामने आ रही है। जानकारी के मुताबिक नैनीताल (Nainital) में रविवार एक बस खाई में गिर गई। इस हादसे में एक की मौत हो गई है और 19 लोग घायल हो गए है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक यह हादसा कालाढूंगी रोड पर नालनी में हुआ है। यह बस 35 यात्रियों को लेकर नैनीताल से हरियाणा के हिसार जा रही थी। इस दौरान बस बेकाबू होकर खाई में जा गिरी। जिसके बाद स्थानीय लोगों ने जख्मियों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया और पुलिस को इसकी जानकारी दी।
वहीं, राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) को नैनीताल में आपदा नियंत्रण कक्ष द्वारा सतर्क किया गया और तुरंत बचाव दल को दुर्घटनास्थल पर भेजा गया।
इस हादसे में एक यात्री की मौत हो गई और 19 घायल हो गए हैं। कुछ यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है। फिलहाल, मौके पर पुलिस, एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीम मौजूद है। बचाव अभियान जारी है।





