मंडी : हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में स्थित आईआईटी संस्थान (IIT Mandi) के निदेशक प्रोफेसर लक्ष्मीधर बेहरा (Professor Laxmidhar Behera) लगातार सुर्खियां बटोर रहे हैं. अब उनका एक और वीडियो सामने आया है. गुरुवार को पहले एक वीडियो सामने आया था, जिसमें निदेशक प्रोफेसर लक्ष्मीधर बेहरा कह रहे हैं कि हिमाचल (Himachal Pradesh) के लोग मांस खाते हैं और जानवरों पर जुल्म करते हैं, इसलिए यहां पर आपदा आई है. अब एक और वीडियो सामने आया है, जिसमें वह कहर रहे हैं कि इस संसार में कोई भी शख्स भूख से नहीं मरता है. ओवरईटिंग (Over-Eating) की वजह से लोगों की मौत होती है.
34 सेकंड का यह वीडियो हालांकि, कब और कहां का है, यह जानकारी नहीं मिल पाई है. लेकिन वीडियो में निदेशक प्रोफेसर लक्ष्मीधर बेहरा एक मंच पर बैठे हैं और माथे पर विभूति लगाई हुई है.
निदेशक प्रोफेसर लक्ष्मीधर बेहरा कहते हैं कि हमें यह यह समझना चाहिए कि भूख से कोई नहीं मरता, ज्यादा खाने से मौत होती है. समझ लो….आप भूख से नहीं मरते हैं. भूख आपको बेहतर इंसान बनाती है.अगर आप फास्ट करोगे तो खुद पर ज्यादा कंट्रोल कर पाओगे.
हिमाचल प्रदेश में हाल ही में बारिश और बाढ़ से 400 से अधिक लोगों कि मौत हुई है. इस आपदा का पीछे निदेशक प्रोफेसर लक्ष्मीधर बेहरा ने तर्क दिया कि हिमाचल के लोग मीट और मांस खाते हैं, इस वजह से त्रासदी हुई है. वह जनसभा में बच्चों को मांस ना खाने की शपथ भी दिलाते हैं. साथ ही कहते हैं कि अगर मांस खाना बंद नहीं किया तो हिमाचल का पतन हो जाएगा.





