Home » ताजा खबरें » हिमाचल में 24 स्कूल प्रिंसिपल के प्रमोशन रद्द, जानिए क्यों शिक्षा विभाग ने की कार्रवाई

हिमाचल में 24 स्कूल प्रिंसिपल के प्रमोशन रद्द, जानिए क्यों शिक्षा विभाग ने की कार्रवाई

शिमला : पसंदीदा स्टेशन में पोस्टिंग न मिलने से नाराज 24 शिक्षकों ने पदोन्नति (Promotion) ही छोड़ दी है। वहीं शिक्षा विभाग ने भी त्वरित कार्रवाई करते हुए तुरंत प्रमोशन आर्डर रद्द कर दिए।

मामला शिक्षा विभाग का है। जहां प्रिंसिपल प्रमोशन होने पर भी स्कूल लेक्चरर व 17 मुख्य अध्यापकों ने स्कूलों में ज्वाइन ही नहीं किया। इसके बाद सचिव शिक्षा डॉ. अभिषेक जैन की ओर से पदोन्नति आदेश को निरस्त करने की अधिसूचना जारी कर दी गई है। बीते 27 मई को प्रदेश सरकार की ओर से इन शिक्षकों को पदोन्नत किया गया था। पदोन्नति के बाद इन्हें ट्रांसफर कर दूसरे स्कूलों में नियुक्ति दी गई थी।

नियमों के तहत पदोन्नति के 15 दिनों के भीतर इन्हें नए स्टेशन पर ज्वाइन करना था। लेकिन इन शिक्षकों ने ज्वाइनिंग ही नहीं दी। कुछ शिक्षकों ने ज्वाइनिंग के लिए अतिरिक्त समय मांगा था। लेकिन विभाग ने पदोन्नति आदेशों में ही स्पष्ट कर दिया था कि जो तय समय पर ज्वाइनिंग नहीं देगा, उनके आदेशों को निरस्त कर दिया जाएगा।  विभाग ने इन्हें ज्वाइन करने के लिए अतिरिक्त समय नहीं दिया। अब इनके पदोन्नति आदेशों को निरस्त कर दिया गया है।

प्रिंसिपल के पदोन्नति आदेश रद्द सूची में  हिमांशु सूद, अमित कौशल, पवन कुमार ठाकुर, शालू गुप्ता, जगदीश चंद, मंजू, अशोक कुमार, कृष्ण लाल, रीनू गुप्ता, बनिता कुमारी, निर्मला कुमारी, अंजना, विनय शर्मा, चमन लाल, बाबूराम, विजय कुमार, वंदना डोगरा, सरला देवी, रचना अग्रवाल, उर्मिला देवी, राजेश कुमार, संजीव कुमार, संगीता और कुलदीप सिंह शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *