Home » ताजा खबरें » 80 हजार लोगों को रोजगार की प्लानिंग, सरकार करेगी चार सीमेंट प्लांट की नीलामी….

80 हजार लोगों को रोजगार की प्लानिंग, सरकार करेगी चार सीमेंट प्लांट की नीलामी….

शिमला : प्रदेश में लंबे समय से लंबित चार सीमेंट प्लांट के लिए वैश्विक नीलामी की राह अपनाएगी सरकार, नए निवेशकों के लिए रास्ता खोला जाएगा। वर्तमान में प्रदेश में चार सीमेंट प्लांटस में सीमेंट उत्पादन होता है। सीमेंट की ढुलाई को लेकर कांग्रेस को सत्ता में आते ही सीमेंट ट्रक आपरेटरों के डेढ़ महीने तक चले आंदोलन का सामना करना पड़ा था। सीमेंट उद्योग से पहाड़ छलनी करने के जन विरोध के स्वर उठते रहते हैं, इस बीच चंबा, अर्की, सुन्नी व अलसिंडी सीमेंट प्रोजेक्ट के निर्माण की राह निकालने का प्रयास किया जा रहा है।
चंबा सीमेंट प्लांट के लिए दो बार टेंडर आमंत्रित किए, लेकिन निवेशकों की ओर से कोई रुचि नहीं दिखाई गई।अर्की में चूना पत्थर के लिए नेशनल मिनरल डेवलपमेंट कारपोरेशन व सुन्नी में सालबाग चूना पत्थर के लिए डालमिया ने रुचि नहीं दिखाई। सुन्नी के साथ लगते क्षेत्र में डालमिया कंपनी की उदासीनता के चलते लीज प्रक्रिया पूरी नहीं हो पाई थी। इन सीमेंट प्लांटों में प्रत्येक सीमेंट प्लांट के लिए 500 से 700 हेक्टेयर के ब्लाक आवंटित होंगे। इसके लिए उद्योग विभाग से औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। सरकार सीमेंट उद्योग से प्रदेश में निवेश आकर्षित कर रोजगार के द्वार खोलना चाहती है। ऐसा माना जा रहा है कि चारों सीमेंट प्लांट लगने से प्रदेश के अस्सी हजार लोगों को प्रत्यक्ष व परोक्ष रोजगार प्राप्त होगा। प्रत्येक सीमेंट प्लांट में करीब एक लोगों को स्थायी रोजगार मिलेगा।
प्रदेश में वर्तमान में तीन सीमेंट प्लांट चलते हैं। सोलन जिला में दो और एक बिलासपुर जिला में सीमेंट उत्पादन करता है। सोलन जिला में अंबुजा, अल्ट्राटेक और बिलासपुर जिला में एसीसी सीमेंट है। नालागढ़ में अंबुजा का कलिंकर प्लांट हैं। इसके अतिरिक्त पावंटा-साहिब के राजबन में एक सीमेंट प्लांट था।
उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने बताया कि पहले से स्वीकृत सीमेंट प्लांट को नए सिरे से निवेशक लाने के लिए प्रक्रिया शुरू की जा रही है। ताकि प्रदेश में चूना पत्थर के व्यापक भंंडार का सीमेंट प्लांट में इस्तेमाल हो सके। चंबा के सीमेंट प्लांट को दो बार विज्ञापित करने पर भी निवेशकों ने कोई रूचि नहीं दिखाई थी। लेकिन अब ग्लोबल आक्शन करके सीमेंट उद्योग स्थापित करने का रास्ता निकाला जाएगा।

Leave a Comment