लाइव हिमाचल/हेमेंद्र कंवर/कसौली: कृषि विभाग सोलन के अंतर्गत आने वाले कृषि खंड धर्मपुर में रबी और आलू की बिजाई की तैयारियों को लेकर किसानों के लिए अच्छी खबर है। विभाग द्वारा किसानों को निर्धारित दरों पर उच्च गुणवत्ता वाला आलू और गेहूं का बीज उपलब्ध करवाया जा रहा है। कृषि विभाग के अनुसार, किसानों के लिए ‘कुफरी ज्योति’ किस्म के आलू का बीज मंगवाया गया है, जिसकी कीमत 33 रुपये प्रति किलो या 1,650 रुपये प्रति 50 किलो कट्टा तय की गई है। इस खेप के तहत धर्मपुर में 140 और कुठाड़ में 60 कट्टे उपलब्ध हैं। इसके साथ ही विभाग के पास गेहूं का बीज भी पर्याप्त मात्रा में मौजूद है, जिसका 40 किलो का कट्टा 1,320 रुपये में दिया जा रहा है। हालांकि, बारिश न होने के कारण किसान अभी गेहूं की बुआई के लिए इंतजार कर रहे हैं, जिससे गोदामों में स्टॉक बचा हुआ है। किसानों की सुविधा के लिए विभाग ने गेहूं का बीज स्थानीय सहकारी सभाओं के गोदामों में भी पहुंचा दिया है, ताकि उन्हें घर-द्वार पर ही बीज मिल सके। कृषि विभाग धर्मपुर के विषयवाद विशेषज्ञ (SMS) डॉ. ईशान मेहता ने बीज की उपलब्धता की पुष्टि करते हुए किसानों से अपील की है कि वे अपनी आवश्यकतानुसार जल्द से जल्द विभाग से संपर्क कर बीज प्राप्त करें।





