हमीरपुर: पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने नादौन ब्लॉक समिति के उपाध्यक्ष पद के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की निर्णायक जीत का स्वागत करते हुए इसे मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के गृह विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस की करारी हार और प्रदेश में पार्टी के लगातार गिरते जनाधार का स्पष्ट प्रमाण बताया। उन्होंने इस चुनाव में विजयी रहे विजय अतुल को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार की तमाम राजनीतिक कोशिशों और दबाव की राजनीति के बावजूद भाजपा ने जमीनी स्तर पर अपनी मजबूत पकड़ साबित की है। अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री ने अपनी संभावित हार से बचने के लिए अपने ही गृह विधानसभा क्षेत्र नादौन में ब्लॉक समिति के उपाध्यक्ष पद का चुनाव छह महीने तक टालकर रखा। इसके बावजूद जब चुनाव हुआ तो कांग्रेस को मुंह की खानी पड़ी और भाजपा ने शानदार जीत दर्ज की। यह परिणाम मुख्यमंत्री के राजनीतिक प्रभाव और कांग्रेस संगठन की जमीनी स्थिति पर गंभीर सवाल खड़े करता है। नादौन की यह जीत आगामी विधानसभा चुनावों में कांग्रेस की विदाई का स्पष्ट संकेत है। प्रदेशभर में स्थानीय निकायों के चुनाव परिणामों का उल्लेख करते हुए अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि जिला परिषद से लेकर नगर निगमों और अब नादौन ब्लॉक समिति तक भाजपा की लगातार जीत प्रदेश में बदलते राजनीतिक माहौल को दर्शाती है। चार में से तीन नगर निगमों धर्मशाला, सोलन और मंडी में भाजपा की जीत के बाद, प्रदेश में चुनाव हुए 11 जिला परिषदों में से 10 पर भाजपा ने अपना परचम लहराया है। इनमें 26 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद शिमला जिला परिषद में भाजपा की ऐतिहासिक वापसी भी शामिल है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में मिल रहा यह जनसमर्थन प्रदेश की कांग्रेस सरकार के प्रति जनता की नाराजगी और मोहभंग को स्पष्ट करता है। जनता अब जवाबदेह, पारदर्शी और विकासोन्मुख शासन चाहती है, जबकि वर्तमान सरकार अपनी नीतियों और कार्यशैली से जनता का विश्वास खो चुकी है।
अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि हाल ही में संपन्न पंचायती राज एवं नगर निकाय चुनावों में जनता ने कांग्रेस को नकारते हुए भाजपा के पक्ष में स्पष्ट और निर्णायक जनादेश दिया है। इन परिणामों ने साबित कर दिया है कि प्रदेश की जनता कांग्रेस सरकार की नीतियों और कार्यप्रणाली से निराश है और बदलाव चाहती है। न पार्टी संभल रही है, न सरकार और न ही प्रदेश के हालात सुधर रहे हैं। जनता यह समझ चुकी है कि जो पार्टी अपनी पंचायत और स्थानीय निकाय नहीं संभाल सकती, वह पूरे प्रदेश को कैसे चलाएगी। अब हिमाचल की जनता ने मन बना लिया है कि कांग्रेस की विदाई में ही प्रदेश की भलाई है।





