लाइव हिमाचल/सुंदरनगर: मंडी जिला के बल्ह उपमंडल के लूणापानी निवासी राजेश गुलेरिया ने सुगंधित पौधों और स्थानीय प्राकृतिक संसाधनों में छिपी संभावनाओं को पहचानते हुए उद्यमिता के क्षेत्र में एक नई मिसाल पेश की है। प्रदेश सरकार के प्रोत्साहन और उद्यान विभाग की एकीकृत बागवानी विकास मिशन योजना के सहयोग से उन्होंने लगभग 1.18 करोड़ रुपये (सवा करोड़) की लागत से ‘आरके एरोमैटिक्स’ नामक आवश्यक तेल निष्कर्षण एवं प्रसंस्करण इकाई स्थापित की है। राजेश गुलेरिया के बेटे दीक्षांत ने बताया कि इस सेकेंडरी प्रोसेसिंग यूनिट में डिस्टिलेशन सहित विभिन्न आधुनिक मशीनरी स्थापित की गई हैं। वर्ष 2024-25 में उद्यान विभाग के बल्ह कार्यालय में आवेदन करने के बाद परियोजना की मशीनरी लागत पर सरकार से मिली 50 प्रतिशत यानी लगभग 50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता ने एक सामान्य आर्थिक पृष्ठभूमि से आने वाले परिवार के लिए इस बड़े उद्योग को स्थापित करना संभव बनाया। इस उद्यम की नींव रखने के लिए राजेश गुलेरिया ने वर्ष 2025-26 में पुष्प क्रांति योजना के तहत जी.बी. पंत राष्ट्रीय हिमालयी पर्यावरण संस्थान, मौहल (कुल्लू) से पांच दिवसीय व्यावहारिक प्रशिक्षण भी प्राप्त किया। अब इस इकाई में टैगेटिस, कैलमस, क्लेरी सेज, पामारोजा, आर्टेमिसिया तथा जंगली खुबानी व खुबानी गिरी के आवश्यक तेल तैयार किए जाएंगे, जिसके लिए स्थानीय किसानों और संग्राहकों से कच्चा वनस्पति पदार्थ खरीदा जाएगा। इससे न केवल किसानों को घर–द्वार पर बाजार मिलेगा और उनकी आय बढ़ेगी, बल्कि इस इकाई से करीब 15 से 20 कुशल एवं अकुशल कामगारों व तकनीकी कर्मचारियों को सीधा रोजगार भी उपलब्ध होगा।
राजेश गुलेरिया का प्रमुख उद्देश्य हिमाचल के प्राकृतिक संसाधनों का मूल्य संवर्धन कर इन सुगंधित तेलों को घरेलू बाजार के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय बाजार तक निर्यात करना है। विषयवाद विशेषज्ञ उद्यान सुंदरनगर डॉ. राजेश कुमार शर्मा ने जानकारी दी कि इस इकाई में आधुनिक मशीनरी के साथ गैस क्रोमैटोग्राफी आधारित वैज्ञानिक गुणवत्ता विश्लेषण सुविधा भी मौजूद है। इकाई का अनुमानित वार्षिक कारोबार करीब 2.46 करोड़ रुपये (अढ़ाई करोड़) रहने का लक्ष्य है, जिससे सालाना 80 लाख से एक करोड़ रुपये तक के मुनाफे की संभावना है। अपने इस सपने को साकार करने और भविष्य में अधिक से अधिक स्थानीय किसानों को जोड़ने के लक्ष्य के साथ राजेश गुलेरिया ने आर्थिक सहायता व मार्गदर्शन के लिए मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू और उद्यान विभाग का आभार व्यक्त किया है।





