लाइव हिमाचल/परवाणू: भारतीय जनता युवा मोर्चा जिला सोलन द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, हिमाचल प्रदेश सरकार में मंत्री जगत सिंह नेगी के भारतीय सेना को लेकर दिए गए कथित आपत्तिजनक बयान के विरोध में परवाणू में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया और मंत्री का पुतला दहन कर रोष व्यक्त किया गया। इस विरोध प्रदर्शन की अध्यक्षता भाजपा युवा मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष तरुण शर्मा ने की, जबकि कार्यक्रम में युवा मोर्चा के मंडल अध्यक्ष सूरज शर्मा ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस अवसर पर महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्षा डेजी ठाकुर तथा भाजपा कसौली मंडल अध्यक्ष बब्बू अत्री विशेष रूप से उपस्थित रहे, जिनके साथ युवा मोर्चा के विभिन्न पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया।प्रदर्शन के दौरान युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने मंत्री के बयान की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए कहा कि भारतीय सेना देश की आन, बान और शान है। कार्यकर्ताओं के अनुसार, हमारे सैनिक कठिन परिस्थितियों में देश की सीमाओं की रक्षा करते हैं और अपने प्राणों की आहुति देकर राष्ट्र की सुरक्षा सुनिश्चित करते हैं, ऐसे में सेना के सम्मान को ठेस पहुंचाने वाला कोई भी बयान दुर्भाग्यपूर्ण एवं निंदनीय है। युवा मोर्चा ने यह भी स्पष्ट किया कि भारतीय सेना का सम्मान प्रत्येक देशवासी का नैतिक कर्तव्य है और सेना के गौरव, शौर्य एवं बलिदान के विरुद्ध किसी भी प्रकार की अमर्यादित टिप्पणी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अंत में, भारतीय जनता युवा मोर्चा जिला सोलन ने प्रदेश सरकार से इस बयान पर जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग की और कहा कि सेना के सम्मान व देश के स्वाभिमान से जुड़े विषयों पर युवा मोर्चा हमेशा मुखर होकर अपनी आवाज उठाता रहेगा।





