लाइव हिमाचल/बद्दी: सोलन जिले के बद्दी क्षेत्र में प्रस्तावित ‘हिम-चंडीगढ़’ टाउनशिप परियोजना के लिए निजी भूमि अधिग्रहण के खिलाफ किसानों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा है, जहां करीब 14 पंचायतों के लोगों ने सरकार की इस योजना के विरोध में उग्र आंदोलन और कानूनी लड़ाई लड़ने का ऐलान किया है। शीतलपुर स्थित शिव मंदिर के समीप हुई एक अहम बैठक में सैकड़ों ग्रामीणों ने हिमुडा द्वारा 8 हजार बीघा से अधिक निजी व सरकारी भूमि के अधिग्रहण को लेकर जारी अधिसूचना को तत्काल रद्द करने की मांग उठाई। संघर्ष समिति के प्रधान भाग सिंह और जिला परिषद सदस्य राजकुमार ने स्पष्ट किया कि पहले सरकार की ओर से केवल सरकारी जमीन पर ही टाउनशिप विकसित करने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन अब आबादी देह, घरों और उपजाऊ निजी जमीनों के अधिग्रहण की अधिसूचना जारी कर ग्रामीणों को उजाड़ने की तैयारी की जा रही है। जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पूर्व विधायक परमजीत सिंह पम्मी सहित तमाम ग्रामीणों ने दो टूक कहा कि उन्हें बद्दी में ‘मिनी चंडीगढ़’ नहीं बल्कि बेहतर सड़कें, अस्पताल, स्कूल और रोजगार जैसी मूलभूत सुविधाएं चाहिए। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि आगामी रेड क्रॉस मेले के दौरान राज्यपाल और मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को ज्ञापन सौंपकर इस अधिसूचना को वापस लेने की मांग की जाएगी और यदि सरकार ने अपना फैसला नहीं बदला तो किसान सड़कों पर उतरकर धरना-प्रदर्शन करने के साथ-साथ अदालत का दरवाजा भी खटखटाएंगे।





