लाइव हिमाचल/सोलन: सोलन जिला के सनवारा स्थित कसौली इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल में कक्षा ग्यारहवीं के विद्यार्थियों द्वारा कक्षा बारहवीं के सीनियर्स के सम्मान में एक भव्य एवं भावभीनी विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस खास मौके पर छात्र-छात्राओं द्वारा पेश की गई रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, मनोरंजक खेलों और विभिन्न रोचक गतिविधियों ने पूरे माहौल को उत्साहपूर्ण और यादगार बना दिया। समारोह के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर अमरीक चौधरी को मिस्टर फेयरवेल तथा दीपाक्षी कौशल को मिस फेयरवेल के खिताब से नवाजा गया। साथ ही सभी विद्यार्थियों के लिए जलपान और रात्रिभोज की भी विशेष व्यवस्था की गई। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्रबंध निदेशक हीरा ठाकुर, सीईओ डॉ. संजीव मैनरा और प्रधानाचार्या पूनम ठाकुर ने बारहवीं कक्षा के सभी विद्यार्थियों को अपनी शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य और जीवन में निरंतर सफलता की कामना की।





