Home » Uncategorized » सोलन और किन्नौर के 11 सरकारी स्कूलों के 117 विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने तीन दिवसीय अनुभवात्मक प्रशिक्षण कार्यक्रम में लिया भाग

सोलन और किन्नौर के 11 सरकारी स्कूलों के 117 विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने तीन दिवसीय अनुभवात्मक प्रशिक्षण कार्यक्रम में लिया भाग

लाइव हिमाचल/नौणी: डॉ. यशवंत सिंह परमार औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, नौणी में सोलन और किन्नौर जिलों के 11 सरकारी स्कूलों के 117 विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के लिए आयोजित तीन दिवसीय अनुभवात्मक प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न हुआ। विश्वविद्यालय के विस्तार शिक्षा निदेशालय द्वारा उच्च शिक्षा निदेशालय, शिमला के सहयोग से समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य स्कूली विद्यार्थियों को आधुनिक कृषि एवं बागवानी तकनीकों का व्यावहारिक ज्ञान प्रदान करना तथा इस क्षेत्र में उभर रहे करियर और उद्यमिता के अवसरों से अवगत करवाना था। इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों के साथ उनके शिक्षक भी शामिल हुए। सोलन जिले के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जाड़ली, पट्टा बरोरी, पहा मेहलोग, कंडा, मंजोल, चामियां, रामशहर और छाछी तथा किन्नौर जिले के कोठी, पूह और कठगांव स्कूलों के विद्यार्थियों ने इसमें भाग लिया। तीन दिवसीय कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को हाईटेक पुष्प उत्पादन, आधुनिक सिंचाई प्रणालियों, प्राकृतिक खेती, जीवामृत एवं घनजीवामृत तैयार करने, मधुमक्खी पालन, मशरूम उत्पादन, खाद्य प्रसंस्करण एवं मूल्य संवर्धन, संरक्षित खेती, व्यावसायिक पुष्प उत्पादन, आधुनिक नर्सरी प्रबंधन, फलदार पौधों के प्रवर्धन तथा प्लांट टिश्यू कल्चर जैसे विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर व्यावहारिक प्रशिक्षण एवं तकनीकी जानकारी प्रदान की गई।

विद्यार्थियों ने विश्वविद्यालय की विभिन्न अनुसंधान, प्रदर्शन एवं उत्पादन इकाइयों का भी भ्रमण किया, जहां उन्हें आधुनिक तकनीकों, वैज्ञानिक उत्पादन विधियों और कृषि अनुसंधान के व्यावहारिक अनुप्रयोगों को करीब से जानने का अवसर मिला। विशेषज्ञों के साथ संवाद और क्षेत्रीय भ्रमण के माध्यम से विद्यार्थियों को यह समझने में मदद मिली कि कक्षाओं में अर्जित सैद्धांतिक ज्ञान को किस प्रकार व्यावहारिक कौशल और आजीविका के अवसरों में बदला जा सकता है। यह कार्यक्रम के समापन सत्र की अध्यक्षता संयुक्त निदेशक (संचार) डॉ. प्रमोद शर्मा ने की। उन्होंने विद्यार्थियों के साथ संवाद किया और उन्हें कृषि एवं बागवानी के क्षेत्र में उभर रहे विभिन्न अवसरों को तलाशने के लिए प्रेरित किया। विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए डॉ. शर्मा ने कहा कि शिक्षा केवल कक्षा तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इसका उद्देश्य युवाओं को व्यावहारिक ज्ञान, तकनीकी दक्षता और उद्यमशील सोच से सशक्त बनाना भी होना चाहिए। उन्होंने कहा कि आधुनिक कृषि एवं बागवानी तकनीकों से शुरुआती स्तर पर ही परिचित होने से विद्यार्थियों को इस क्षेत्र में एक बेहतर करियर बनाने और स्वयं के उद्यम स्थापित करने की प्रेरणा मिल सकती है।

उन्होंने कहा कि कौशल आधारित शिक्षा युवाओं को सफल उद्यमी बनने में सक्षम बना सकती है। इससे वे न केवल अपने लिए स्वरोजगार के अवसर सृजित कर सकते हैं, बल्कि दूसरों के लिए भी रोजगार के अवसर पैदा कर सकते हैं। इस प्रकार की पहल ग्रामीण आजीविका को सुदृढ़ करने और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं। डॉ. शर्मा ने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम सैद्धांतिक शिक्षा और व्यावहारिक कौशल विकास के बीच की खाई को पाटने में महत्वपूर्ण हैं। ये विद्यार्थियों को कार्यक्षेत्र की वास्तविक परिस्थितियों से परिचित करवाने के साथ-साथ भविष्य में उपलब्ध विभिन्न करियर विकल्पों के लिए भी तैयार करते हैं। कार्यक्रम के सफलतापूर्वक पूर्ण होने पर प्रतिभागी विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए। समापन सत्र में प्रसार शिक्षा निदेशालय के अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *