लाइव हिमाचल/सोलन : सोलन विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम कुफरीधार में पारंपरिक हर्षोल्लास के साथ भव्य मेले का आयोजन किया गया। इस समारोह में भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं समाजसेवी तरसेम भारती ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। मेले में पहुंचने पर मेला कमेटी के अध्यक्ष एवं जिला परिषद सदस्य हरीचन्द ठाकुर, प्रधान भावना धीमान तथा उप प्रधान कुलदीप कुमार सहित स्थानीय ग्रामवासियों ने मुख्य अतिथि का पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ भव्य स्वागत किया। इस अवसर पर जनसमूह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि तरसेम भारती ने कहा कि हिमाचल की समृद्ध पहाड़ी संस्कृति, लोक परंपराओं और आपसी भाईचारे को जीवंत रखने वाले ऐसे पारंपरिक मेले समाज को एक सूत्र में बांधने का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि आधुनिकता के इस दौर में अपनी जड़ों और संस्कृति से जुड़े रहना अत्यंत आवश्यक है, और ग्रामीण स्तर पर होने वाले ऐसे आयोजन युवा पीढ़ी को अपनी विरासत से रूबरू करवाते हैं।
मेले के दौरान विभिन्न खेलकूद एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि ने विशेष रूप से महिला रस्साकशी (टग ऑफ वॉर) प्रतियोगिता और स्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की सराहना की। समापन अवसर पर उन्होंने विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता प्रतिभागियों और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। वहीं कार्यक्रम के अंत में तरसेम भारती ने आत्मीय स्वागत और मेले के सफल आयोजन के लिए मेला कमेटी के अध्यक्ष हरीचन्द ठाकुर, प्रधान भावना धीमान, उप प्रधान कुलदीप कुमार, सभी पदाधिकारियों तथा समस्त ग्रामवासियों का हार्दिक आभार व्यक्त किया।




