सोलन: सोलन के सिटी सेंटर प्लाजा में सोमवार, 16 नवंबर को बघाट टैक्सी यूनियन की आम सभा एवं चुनावी प्रक्रिया शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में सम्पन्न हुई, जिसमें यूनियन की नई कार्यकारिणी का सर्वसम्मति से गठन किया गया। यह संपूर्ण बैठक और चुनाव प्रक्रिया एआईटीयूसी (AITUC) की राज्य कमेटी के उप महासचिव कामरेड अतुल चन्द्र भारद्वाज तथा संगठन सचिव कामरेड अनुप प्राशर की देखरेख में आयोजित की गई। सभा के दौरान यूनियन के पूर्व प्रधान दिलीप कंवर और पूर्व सचिव सुरेश कुमार ने अपने पिछले कार्यकाल का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया, जिसे सदन ने सर्वसम्मति से पारित कर दिया, और दोनों पूर्व पदाधिकारियों ने सभी सदस्यों का सहयोग के लिए आभार जताते हुए भविष्य में भी संगठन को एकजुट व मजबूत बनाए रखने की अपील की। इसके पश्चात आम सभा की सहमति से नई कार्यकारिणी का निर्वाचन किया गया, जिसके तहत प्रवीण शर्मा को यूनियन का नया प्रधान चुना गया है। इसके साथ ही विशांत सिंह मेहता को वरिष्ठ उप प्रधान, अमर सिंह को उप प्रधान, जेपी चंदेल को सचिव, पवन दीप वर्मा को सह सचिव, सुरेश कुमार को कोषाध्यक्ष, राजीव शर्मा को संगठन सचिव और अशोक बटवाल को प्रचार सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि सुनील कुमार को सलाहकार, दलीप कंवर को विशेष सलाहकार तथा अतुल चन्द्र भारद्वाज को कानूनी सलाहकार नियुक्त किया गया है।



