नेरचौक/मंडी: नागचला फोरलेन पर पिछले दो दिनों से खड़े एक ट्रक से बल्ह पुलिस ने अवैध शराब की 55 पेटियां बरामद की हैं। ट्रक की तलाशी के दौरान पुलिस को 660 बोतलें मिलीं। मामले में पुलिस ने बिलासपुर निवासी 32 वर्षीय व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार नागचला फोरलेन पर ढाबों के समीप ट्रक नंबर HP-68-4655 पिछले दो दिनों से खड़ा था। गश्त के दौरान बल्ह पुलिस को ट्रक की गतिविधियां संदिग्ध लगीं, जिसके बाद पुलिस टीम ने उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान ट्रक में छिपाकर रखी शराब की 55 पेटियां बरामद हुईं।
पुलिस के मुताबिक बरामद शराब में ऑल सीजन ब्रांड व्हिस्की की 50 पेटियां और ओल्ड मॉन्क रम की 5 पेटियां शामिल हैं। कुल 660 बोतलें शराब बरामद की गई हैं।
मामले में गिरफ्तार आरोपी की पहचान 32 वर्षीय रमेश कुमार पुत्र लाला राम निवासी गांव भोली, डाकघर जुखाला, जिला बिलासपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने शराब की खेप के साथ ट्रक को भी कब्जे में ले लिया है।
आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि ट्रक में शराब की खेप कहां से लाई गई थी, इसे कहां पहुंचाया जाना था और आखिर यह ट्रक दो दिनों से नागचला में क्यों खड़ा था।



