Home » ताजा खबरें » जलोड़ी जोत में सीजन की पहली बर्फबारी: 10,280 फीट की ऊंचाई पर यातायात ठप, पुलिस ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन

जलोड़ी जोत में सीजन की पहली बर्फबारी: 10,280 फीट की ऊंचाई पर यातायात ठप, पुलिस ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन

शिमला: हिमाचल प्रदेश में मौसम के करवट बदलते ही जिला कुल्लू की 10,280 फीट ऊंची प्रसिद्ध जलोड़ी जोत और उसके आसपास के इलाकों में अचानक बर्फबारी दर्ज की गई है, जिससे यातायात व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हो गई है। बाडानाला के समीप सड़क पर लगभग एक इंच बर्फ जमने की वजह से फिसलन बढ़ गई है और छोटे-बड़े वाहनों की आवाजाही पर ब्रेक लग गया है। बर्फबारी के बीच जलोड़ी जोत पर फंसे कई पर्यटकों, 8 दोपहिया वाहनों और 12 पैदल यात्रियों को कुल्लू पुलिस की बचाव टीम ने सुरक्षित निकालकर सरकारी वाहनों से सोझा पहुँचाया, जबकि कुछ वाहनों को रस्से से खींचकर व गाड़ागुशैणी मार्ग से सुरक्षित बाहर निकाला गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सोझा, घियागी और जिभी के स्थानीय लोगों तथा टैक्सी चालकों को पर्यटकों को इस मार्ग पर जाने से रोकने के लिए सतर्क किया है। कुल्लू के पुलिस अधीक्षक अभिषेक एस ने पर्यटकों और वाहन चालकों से अपील की है कि वे रात के समय जलोड़ी जोत की ओर यात्रा न करें, बर्फ से ढकी फिसलन भरी सड़कों पर जोखिम उठाने से बचें और मौसम की स्थिति सामान्य होने तक यात्रा स्थगित रखकर केवल प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *