चंबा: दीपावली के दौरान जिला चंबा के चुराह और पांगी उपमंडल सहित शहर के विभिन्न हिस्सों में आगजनी की घटनाओं से भारी नुकसान हुआ है। चुराह के थनेईकोठी क्षेत्र के इंडल गांव में आग लगने से भाग सिंह की 500 घास की गड्डियां और 200 सेब के पौधे जल गए, जबकि कमल का मक्की का कूदूं और सुक्याली में भी घास जलने की सूचना है। इसके अलावा चंबा शहर के कश्मीरी मोहल्ले, सूही मंदिर तथा चामुंडा पहाड़ी पर झाड़ियों में आग से अफरा-तफरी का माहौल रहा। उधर, जनजातीय उपमंडल पांगी की ग्राम पंचायत करेल के पुन्टो गांव में सोमवार सुबह करीब 5 से 6 बजे के बीच तंदूर की चिंगारी से आग भड़क गई। देखते ही देखते आग मान सिंह, विशन सिंह और संसार चंद के एक-दूसरे से सटे मकानों में फैल गई, जिससे ऊपरी मंजिल के कमरे, शेड और उसमें रखा सूखा घास जलकर राख हो गए। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। राहत की बात यह रही कि हादसे में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ, लेकिन तीनों परिवारों की लगभग 12 से 15 लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है, जिसका आधिकारिक आकलन राजस्व विभाग द्वारा किया जा रहा है।





