Home » Uncategorized » पट्टा मेहलोग में खण्ड स्तरीय पाक कला प्रतियोगिता आयोजित, नार देई ने हासिल किया प्रथम स्थान…

पट्टा मेहलोग में खण्ड स्तरीय पाक कला प्रतियोगिता आयोजित, नार देई ने हासिल किया प्रथम स्थान…

लाइव हिमाचल/हेमेंद्र कंवर/कसौली : शिक्षा खण्ड पट्टा मेहलोग के अंतर्गत मिड-डे मील योजना में कार्यरत कुक-कम-हेल्पर की खण्ड स्तरीय पाक कला प्रतियोगिता का आयोजन 1 नवंबर 2026 को खण्ड प्रारम्भिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय पट्टा मेहलोग में किया गया। प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों एवं संकुलों से चयनित सात प्रतिभागियों ने अपनी पाक कला और कार्यकुशलता का प्रदर्शन किया। खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी पार्वती नेगी ने बताया कि इस प्रतियोगिता में प्राथमिक स्तर से चार तथा उच्च प्राथमिक स्तर से तीन कुक-कम-हेल्पर ने भाग लिया। इनमें राजकीय केन्द्र प्राथमिक पाठशाला तुझार से सुनीता, राजकीय प्राथमिक पाठशाला शेरला से नार देई, राजकीय केन्द्र प्राथमिक पाठशाला सूरजपुर से पूनम लता, राजकीय प्राथमिक पाठशाला माहली से निशा देवी, पीएम श्री राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पट्टा मेहलोग से कमला देवी, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कोट बेजा से बलबीर सिंह तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय गोयला से बिमला देवी शामिल रहीं।
प्रतियोगिता के निष्पक्ष मूल्यांकन के लिए अधीक्षक ग्रेड-II सीता देवी ने मुख्य निर्णायक की भूमिका निभाई। निर्णायक मंडल में डाटा एंट्री ऑपरेटर विदुषी, जेबीटी अध्यापिका रेखा देवी, वार्ड सदस्य पूजा देवी तथा स्कूल प्रबंधन समिति की सदस्य वीना देवी शामिल रहीं।
प्रतियोगिता के परिणामों में राजकीय प्राथमिक पाठशाला शेरला की नार देई ने प्रथम स्थान हासिल किया। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय गोयला की बिमला देवी द्वितीय तथा पीएम श्री राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पट्टा मेहलोग की कमला देवी तृतीय स्थान पर रहीं।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों की सहभागिता भी सुनिश्चित की गई। इस दौरान पांचवीं कक्षा की हुमेरा, तीसरी कक्षा की भूमिका तथा आठवीं कक्षा की सृजनपरी ने भी अपनी उपस्थिति एवं सहभागिता से कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।
गौरतलब है कि इस प्रतियोगिता से पहले आयोजित प्रथम चरण में 115 तथा द्वितीय चरण में 63 कुक-कम-हेल्पर ने लिखित परीक्षा में भाग लिया था। दोनों चरणों के बाद चयनित सात प्रतिभागियों को खण्ड स्तरीय प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिला।
इस अवसर पर खण्ड प्रारम्भिक शिक्षा अधिकारी पट्टा मेहलोग पार्वती देवी ने सभी प्रतिभागियों के उत्साह और समर्पण की सराहना की। उन्होंने कहा कि मिड-डे मील योजना में कुक-कम-हेल्पर की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उनके द्वारा तैयार किया जाने वाला स्वच्छ, सुरक्षित एवं पौष्टिक भोजन बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण और विद्यालय में नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने में अहम योगदान देता है। उन्होंने कहा कि इस प्रतियोगिता का उद्देश्य कुक-कम-हेल्पर की पाक कला एवं कार्यकुशलता को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ स्वच्छता, सुरक्षित भोजन और पौष्टिक आहार के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा मिड-डे मील योजना का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना है।
कार्यक्रम के समापन पर खण्ड प्रारम्भिक शिक्षा अधिकारी पार्वती देवी ने प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया, जबकि अन्य प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किए गए। उन्होंने सभी विजेताओं को बधाई देते हुए अन्य प्रतिभागियों को भी भविष्य में इसी उत्साह और समर्पण के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया। यह कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले निर्णायक मंडल, विद्यालय प्रतिनिधियों, विद्यार्थियों एवं अन्य सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *