शिमला: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता संदीपनी भारद्वाज ने हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर किसानों, बागवानों और पशुपालकों से वादाखिलाफी करने का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2022 के चुनावों में कांग्रेस ने सेब का समर्थन मूल्य खुद तय करने, ₹2 प्रति किलो गोबर खरीदने और प्रतिदिन 10 लीटर दूध खरीदने जैसी बड़ी गारंटियां दी थीं, लेकिन चार साल बीतने के बावजूद किसान खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं। भाजपा प्रवक्ता ने केंद्र सरकार द्वारा जारी पीएम-किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त के तहत हिमाचल के 11 लाख किसानों को ₹220 करोड़ मिलने का जिक्र करते हुए कहा कि मोदी सरकार सीधे आर्थिक मदद दे रही है। इसके साथ ही उन्होंने प्रदेश में 1.43 लाख से अधिक किसानों की लंबित ई-केवाईसी (e-KYC) पर सवाल उठाते हुए मांग की कि राज्य सरकार पंचायतों में विशेष शिविर लगाकर सभी तकनीकी बाधाओं को दूर करे और पात्र किसानों को सम्मान निधि का लाभ दिलाना सुनिश्चित करे।





